home page

चना और मसूर की खेती को बढ़ावा देने के लिए ब्लॉक स्तर पर होंगे प्रदर्शन प्लॉट

 | 
Demonstration plots will be set up at the block level to promote the cultivation of chickpea and lenti

mahendra india news, new delhi
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा रबी सीजन 2026-27 के दौरान दलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने और किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेज के तहत ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन प्लॉट आयोजित किए जाएंगे।


कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ विनोद फोगाट ने बताया कि जिला में रबी सीजन 2026-27 के दौरान चना की फसल के लिए 100 एकड़ क्षेत्र में ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शन आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सामान्य श्रेणी के किसानों के लिए 80 एकड़ तथा अनुसूचित जाति श्रेणी के किसानों के लिए 20 एकड़ क्षेत्र शामिल है।


इसी प्रकार, मसूर की फसल के लिए जिले में 25 एकड़ क्षेत्र में प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इसमें सामान्य श्रेणी के किसानों के लिए 20 एकड़ तथा अनुसूचित जाति श्रेणी के किसानों के लिए 5 एकड़ क्षेत्र निर्धारित किया गया है।


उन्होंने कहा कि योजना के तहत चना एवं मसूर की ऐसी उन्नत किस्मों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अधिक उपज देने वाली, स्थानीय जलवायु के अनुकूल तथा कीटों एवं रोगों के प्रति प्रतिरोधी हों। प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित मिशन दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित किए जाएंगे, ताकि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर दलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ा सकें।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का हरियाणा कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://agriharyana.gov.in/ पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। विभाग के अनुसार, अपंजीकृत अथवा असत्यापित किसानों को योजना के तहत सहायता का लाभ नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने जिला के किसानों से अपील की है कि वे चना एवं मसूर जैसी दलहनी फसलों की खेती अपनाएं और योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित खंड कृषि अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें।

WhatsApp Group Join Now