शुरू होगी डिजिटल जनगणना, 2121 प्रगणक हर घर पहुंच कर जुटाएंगे जानकारी
Mahendra india news, new delhi
SIRSA जिला में जनगणना-2027 को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। वीरवार को जनगणना कार्य में लगे 353 सुपरवाइजर व 2121 प्रगणक की टीमों को जनगणना कार्य से संबंधित टूल किट वितरित की गई। ये प्रगणक एक मई से घर-घर जाकर वास्तविक डाटा एकत्रित करेंगे।

जनगणना कार्य के नोडल अधिकारी एवं नगराधीश अजय सिंह ने बताया कि एक मई से प्रगणक घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत क्रियान्वित किया जाएगा। इस महाअभियान में जिला के अधिकारी व कर्मचारी जुड़े हुए हैं, जिन्हें पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का होगा।
उन्होंने बताया कि इस बार 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने ऑनलाइन पोर्टल व मोबाइल एप के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज की है। ऐसे नागरिकों को अब प्रगणकों को अपनी आईडी उपलब्ध करानी होगी, ताकि मौके पर केवल सत्यापन किया जा सके। इससे समय की बचत के साथ-साथ आंकड़ों की गुणवत्ता में भी सुधार सुनिश्चित होगा।
विशेष हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन मोबाइल एप बनेगा सहभागी:
नगराधीश ने बताया कि इस बार गणनाकर्मी विशेष हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन मोबाइल एप का उपयोग करेंगे, जिसे उनके पंजीकृत मोबाइल उपकरणों पर इंस्टॉल किया गया है। यह एप ऑफलाइन मोड में भी कार्य करेगा और नेटवर्क उपलब्ध होते ही डेटा स्वत: सिंक्रोनाइज हो जाएगा। रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए तकनीक आधारित डैशबोर्ड और सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रत्येक स्तर पर प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित होगी।
खिलाडिय़ों को किया स्व-गणना के लिए जागरूक
नगराधीश अजय सिंह ने गत दिवस स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना-2027 कार्य में सहयोग करने का आह्वïान किया। उन्होंने बताया कि जिला में अबतक 25 हजार से अधिक परिवारों ने अपना डाटा अपलोड कर दिया है। इसके अलावा एक मई से जिला भर में प्रगणक घर-घर पहुंच कर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान स्व-गणना के डाटा को भी वैरिफाई किया जाएगा, इस कार्य में उनका सहयोग करें। इस अवसर पर कोच सुनील कुमार, रणजीत सिंह, खजान सिंह, रेशम, अर्चना, प्रियंका भी मौजूद रहे।
