home page

नगर परिषद सिरसा में जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनीवाल का औचक निरीक्षण, कई कर्मचारियों के कार्यभार में बदलाव

 | 
District Municipal Commissioner Surendra Beniwal conducts a surprise inspection at the Sirsa Municipal Council; work assignments of several employees changed

Mahendra india news, new delhi

सिरसा, 28 जुलाई। जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनीवाल ने मंगलवार को नगर परिषद सिरसा कार्यालय का करीब डेढ़ घंटे तक औचक निरीक्षण किया। जिला नगर आयुक्त बनने के बाद उनका नगर परिषद कार्यालय में यह पहला दौरा था।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर परिषद की विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


SIRSA जिला नगर आयुक्त ने गृहकर शाखा, सफाई शाखा, नागरिक सुविधा केंद्र, तकनीकी शाखा, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण शाखा, डायरी एवं डिस्पैच शाखा, विवाह पंजीकरण शाखा, विद्युत शाखा सहित नगर परिषद की अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों, कार्यालय व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण तथा आम नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनीवाल ने नगर परिषद कार्यालय में अपने कार्यों के लिए पहुंचे नागरिकों से भी मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बिना किसी अनावश्यक देरी के पारदर्शी एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

WhatsApp Group Join Now


निरीक्षण के उपरांत प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से कई कर्मचारियों के तबादले किए गए, जबकि कई कर्मचारियों के कार्यभार में भी बदलाव कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


जिला नगर आयुक्त ने कहा कि नगर परिषद की कार्यप्रणाली में सुधार, जनसेवाओं में तेजी तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। नगर परिषद में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को शहर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।