home page

DRM गौरव गोविल ने किया लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर ट्रैक नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण

 
DRM Gaurav Govil inspected the track renewal work on the Lalgarh–Kolayat rail section
 | 
NEWS

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI

DRM गौरव गोविल ने किया लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर ट्रैक नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण, 73 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा 45 किलोमीटर ट्रैक का नवीनीकरण 

- चार माह में 33 किलोमीटर ट्रैक नवीनीकरण का कार्य पूरा, शेष कार्य तीव्र गति से जारी 
- वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पश्चिम) के साथ किया ट्रैक का गहन निरीक्षण, गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों की समीक्षा 
- ट्रैक नवीनीकरण से रेलपथ की मजबूती एवं वहन क्षमता में होगी वृद्धि, रेल संचालन बनेगा अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय 

बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने शुक्रवार को  लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर चल रहे ट्रैक नवीनीकरण कार्य का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बीकानेर मंडल के लालगढ़–कोलायत रेलखंड पर लगभग 73 करोड़ रुपये की लागत से 45 किलोमीटर रेलपथ का ट्रैक नवीनीकरण कार्य किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के अंतर्गत मात्र चार माह की अवधि में 33 किलोमीटर ट्रैक का नवीनीकरण पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।

WhatsApp Group Join Now

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित तकनीकी मानकों का विशेष रूप से जायजा लिया। उन्होंने कार्यरत रेलकर्मियों को पूर्ण सतर्कता एवं निर्धारित संरक्षा नियमों का पालन करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य के दौरान एवं कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रैक पर किसी भी प्रकार के औजार, उपकरण अथवा निर्माण सामग्री को नहीं छोड़ा जाए तथा कार्यस्थल को पूरी तरह सुरक्षित स्थिति में रखा जाए, ताकि रेल संचालन की संरक्षा प्रभावित न हो।

ट्रैक नवीनीकरण कार्य पूरा होने से रेलपथ की मजबूती एवं वहन क्षमता में वृद्धि होगी। इससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित, सुगम एवं अधिक विश्वसनीय बनेगा। बीकानेर मंडल द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य को निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित संरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने संरक्षित रेल संचालन के लिए रेलपथ के रखरखाव एवं नवीनीकरण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया।
इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर देव किशन कुम्हार (पश्चिम) सहित रेलवे के अनेक अधिकारी कर्मचारी एवं उपस्थित रहे।