home page

नशा मुक्त युवा ही विकसित हरियाणा की पहचान: रेनू कादियान

 | 
नशा मुक्त युवा ही विकसित हरियाणा की पहचान: रेनू कादियान

 
सिरसा। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर भगत सिंह फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेनू कादियान ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सशक्त युवा ही किसी भी राज्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। रेनू कादियान ने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।

तंबाकू से होने वाली गंभीर बीमारियां हर वर्ष लाखों लोगों की जान लेती हैं, इसलिए इसके प्रति जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवा वर्ग को खेल, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने की जरूरत है। जब युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेंगे, तभी समाज नशा मुक्त और प्रगतिशील बन सकेगा। भगत सिंह फाउंडेशन द्वारा लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण कार्यक्रम, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और युवाओं को प्रेरित करने वाली गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। संस्था का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है।

रेनू कादियान ने कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन का प्रतीक है। हमें अपने घर, गांव, विद्यालय और कार्यस्थल पर तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करना चाहिए। उन्होंने अंत में कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास कम से कम एक व्यक्ति को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करे, तो समाज में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ हरियाणा ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।

WhatsApp Group Join Now