राजस्थान में ड्रग तस्कर की 1 करोड़ से अधिक की संपत्ति फ्रीज, स्मगलिंग के रुपये से खरीदी थी जमीन
mahendra india news, new delhi
राजस्थान की बड़ी खबरों में उदयपुर से हैं। प्रतापगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ मोटी कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात तस्कर की 1 करोड़ 5 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज कर दी है। आरोपी पर राजस्थान प्रदेश के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के करीबन 6 मामले दर्ज हैं।
डोडाचूरा बरामद होने के बाद खुला नेटवर्क
एसपी बी. आदित्य ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 सितंबर 2021 को छोटी सादड़ी थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की स्कॉर्पियो से 17 कट्टों में भरा 343 किलो अफीम डोडाचूरा बरामद किया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान निंबाहेड़ा के रहने वाले तस्कर वीरेंद्र आंजना फरार हो गया था, जिसे बाद में गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह खेप बसेड़ा निवासी ललित आंजना ने सप्लाई की थी।
तस्करी का नेटवर्क कई जिलों में फैला था
पुलिस के मुताबिक ललित आंजना का नेटवर्क जोधपुर, जालोर, पाली, सिरोही और बाड़मेर तक फैला हुआ था। लंबे वक्त से फरार चल रहे आरोपी को 25 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और वित्तीय जांच में पता चला कि उसने तस्करी के रुपये से कई संपत्तियां खरीदी थी। जांच में बसेड़ा गांव में खरीदी गई साढ़े 3 बीघा कृषि भूमि का खुलासा हुआ, इसका रेट करीबन 1.05 करोड़ रुपए है। अदालत प्रक्रिया के बाद पुलिस ने उक्त संपत्ति को फ्रीज कर दिया।
