home page

तरकांवाली गांव में किसान संवाद के दौरान कांग्रेस-इनेलो पर तीखा हमला, ऐलनाबाद में कमल खिलाने के लिए जनता बदले वर्षों की राजनीति, किसान हितों को प्राथमिकता दें : डॉ. अर्चना गुप्ता

 | 
During a farmers' dialogue in Tarkanwali village, Dr. Archana Gupta launched a sharp attack on the Congress and INLD. She urged the public to change the long-standing political status quo to ensure the 'lotus blooms' in Ellenabad, and emphasized the need to prioritize the interests of farmers

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
BJP प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस और इनेलो पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक हरियाणा की सत्ता में रहने वाले इन दलों ने किसानों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। ऐलनाबाद जैसे क्षेत्रों में लंबे राजनीतिक प्रतिनिधित्व के बावजूद किसानों को पानी, कृषि और अन्य बुनियादी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। अब समय आ गया है कि जनता पुराने राजनीतिक तौर-तरीकों से बाहर निकलकर विकास, पारदर्शिता और किसान हितों को प्राथमिकता देने वाली राजनीति का साथ दे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसान के सम्मान, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर काम कर रही है।

वीरवार को ऐलनाबाद विधानसभा के गांव तरकांवाली में हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बैनीवाल द्वारा आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि ऐलनाबाद में कमल खिलाने के संकल्प के साथ वह क्षेत्र के किसानों, युवाओं, महिलाओं और कार्यकर्ताओं में विश्वास जगाने के लिए पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास करने वालों की कभी हार नहीं होती और यदि कार्यकर्ता संकल्प लेकर मैदान में उतरें तो किसी भी क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है। डॉ. गुप्ता ने चौटाला परिवार और पूर्ववर्ती इनेलो सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्षों तक इस क्षेत्र के लोगों ने एक परिवार को राजनीतिक अवसर दिए, लेकिन किसानों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता नहीं बन पाया। किसानों को पानी, शिक्षा और कृषि संबंधी चुनौतियों से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि लंबे समय तक सत्ता और राजनीतिक प्रभाव रखने वालों ने क्षेत्र के किसानों की परेशानियों को दूर करने के लिए ठोस प्रयास क्यों नहीं किए।

प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले युवाओं को नौकरी पाने के लिए पर्ची और खर्ची के सहारे रहना पड़ता था, लेकिन भाजपा सरकार ने बिना पर्ची-बिना खर्ची भर्ती व्यवस्था लागू कर योग्यता और मेहनत को प्राथमिकता दी। आज हरियाणा का युवा अपनी प्रतिभा के दम पर सरकारी नौकरी प्राप्त कर रहा है। यह व्यवस्था परिवर्तन भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान को केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि ऊर्जादाता बनाने की सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पीएम-कुसुम जैसी योजनाओं के माध्यम से सौर ऊर्जा को खेती से जोड़ने और किसानों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री प्राकृतिक खेती, मिट्टी की सेहत और रासायनिक खादों के संतुलित उपयोग को लेकर विशेष चिंता करते हैं। किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से अपनी जमीन की गुणवत्ता समझकर जरूरत के अनुसार खाद का प्रयोग करना चाहिए, ताकि मिट्टी की उर्वरता और खाद्य गुणवत्ता बेहतर बनी रहे।

WhatsApp Group Join Now

डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को सालाना छह हजार रुपये सीधे खातों में दिए जा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की प्रदेश सरकार द्वारा 24 फसलों पर एमएसपी सुनिश्चित करते हुए किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। मेरा फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल, फसल नुकसान की भरपाई, बीमा और पराली प्रबंधन के लिए सहायता जैसी व्यवस्थाएं किसान हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती मेहनती किसानों और प्रतिभाशाली युवाओं की धरती है। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आय, सम्मान और भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने किसानों और क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे विकास और सुशासन की राजनीति को मजबूत करें तथा ऐलनाबाद में भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्लां, हरियाणा ओलंपिक संघ प्रधान कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र सिंह, प्रदेश सरकार में चेयरमैन भारत भूषण जुयाल व रोहतास जांगड़ा एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता, किसान उपस्थित रहे।