home page

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में बिजली-पानी संकट, जोगीवाला व चाहरवाला के ग्रामीणों ने बिजली घर के सामने की नारेबाजी

 | 
news

mahendra india news, new delhi

नाथूसरी चौपटा। बिजली कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल का असर नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में भी देखने को मिला। वीरवार को 33 केवी बिजली घर नाथूसरी कलां सहित क्षेत्र के कई बिजली घरों से बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली सप्लाई बंद होने के कारण गांवों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में बिजली विभाग के करीब 120 कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इसके चलते नाथूसरी कलां के अलावा कागदाना, दड़बा कलां और जमाल स्थित 33 केवी बिजली घरों से भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण दुनीराम, महावीर सिंह और जय सिंह ने बताया कि हड़ताल के पहले ही दिन बिजली नहीं मिलने से काफी दिक्कतें आई हैं। यदि हड़ताल अगले दो दिन और जारी रहती है तो लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर ग्रामीणों ने जताया रोष

गांव जोगीवाला में पेयजल केंद्र की मोटर तीन दिन से खराब थी, जिसके कारण गांव में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। ग्रामीणों के अनुसार, तीन दिन बाद मोटर ठीक करवाई गई, लेकिन वीरवार को बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल सप्लाई फिर प्रभावित हो गई।

WhatsApp Group Join Now

इससे परेशान होकर जोगीवाला और चाहरवाला गांव के ग्रामीण कागदाना स्थित बिजली घर पहुंचे। ग्रामीणों को पुलिस कर्मचारियों ने बिजली घर के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया और उन्होंने बिजली घर के सामने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।

ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की, ताकि गांवों में पेयजल व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को राहत मिल सके।