बिजली कर्मी 2 जुलाई को घेरेंगे बिजली मंत्री अनिल विज के आवास : इक़बाल चंदाना
mahendra india news, new delhi
हिसार के रतन पैलेस में आज हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्ज़ यूनियन, हेड ऑफिस भिवानी (रजि. नं. 292) की राज्यस्तरीय हाउस मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता राज्य प्रधान श्री इक़बाल चंदाना ने की तथा मंच संचालन प्रांतीय महासचिव श्री यशपाल देशवाल ने किया।
बैठक में वरिष्ठ उपप्रधान श्री अशोक शर्मा, वित्त सचिव अनिल पहल, राज्य प्रेस सचिव श्री श्याम लाल खोड, राज्य ऑडिटर श्री मनोज सैनी, राज्य उप-महासचिव श्री विजय हुड्डा, श्री सतेंद्र सहारण, चेयरमैन श्री अनिल कौशिक, संपादक श्री सत्यवान यादव, कानूनी सलाहकार श्री विकास नेहरा सहित केंद्रीय परिषद के सदस्य, प्रदेशभर के सभी सर्कल सचिव, यूनिट एवं सब-यूनिट प्रधान एवं सचिव तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी साथियों ने भाग लिया।
राज्य प्रधान श्री इक़बाल चंदाना ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यूनियन निगम अधिकारियों एवं प्रबंधन के साथ अनेक दौर की वार्ताएं कर चुकी है, लेकिन कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अब कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए सरकार के साथ सीधी लड़ाई लड़नी पड़ेगी। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार भी व्यक्त किया।
प्रदेश मुख्य संगठनकर्ता श्री विनोद शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन ट्रांसफर नीति, कर्मचारियों की भारी कमी, लंबित मांगों तथा कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ चल रहा आंदोलन आने वाले समय में और तेज किया जाएगा। यदि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो यूनियन प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी।
बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए—
* लंबित मांगों के समाधान हेतु प्रदेशव्यापी आंदोलन, बिजली मंत्री के आवास के घेराव तथा हड़ताल की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय।• हरियाणा एग्री डिस्कॉम के गठन तथा बिजली क्षेत्र के निजीकरण के प्रयासों का पुरजोर विरोध।• ऑनलाइन ट्रांसफर नीति को तत्काल वापस लेने अथवा कर्मचारी हित में संशोधित करने की मांग।• जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले कर्मचारियों को रिस्क अलाउंस (जोखिम भत्ता) शीघ्र प्रदान करने की मांग।• ALM/LM एवं SA/ASSA कर्मचारियों के इंटर-यूटिलिटी स्थानांतरण मामलों का शीघ्र निपटारा।• सभी श्रेणियों में रिक्त पदों पर नियमित भर्ती कर कर्मचारियों की कमी दूर करने की मांग।• सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए निःशुल्क कैशलेस मेडिकल सुविधा लागू करने की मांग।
वरिष्ठ उपप्रधान श्री अशोक शर्मा ने कहा कि वर्षों से अपने गृह क्षेत्र से बाहर कार्यरत कर्मचारियों के लिए स्पष्ट स्थानांतरण नीति बनाई जाए तथा दूर-दराज के क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को उनके होम सर्कलों में शीघ्र समायोजित किया जाए।
बैठक में उपस्थित सभी सर्कल सचिवों एवं पदाधिकारियों ने सरकार एवं निगम प्रबंधन की कर्मचारी विरोधी नीतियों पर गहरा रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि निगम प्रबंधन लगातार कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रहा है तथा ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं जिनसे कर्मचारियों का आर्थिक, मानसिक एवं प्रशासनिक शोषण बढ़ रहा है। अनेक बार वार्ता, ज्ञापन एवं बैठकों के माध्यम से समस्याओं के समाधान की मांग की गई, लेकिन प्रबंधन द्वारा कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया।
बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि हरियाणा एग्री डिस्कॉम एवं बिजली क्षेत्र के निजीकरण की किसी भी योजना को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों के अधिकारों, रोजगार सुरक्षा तथा सार्वजनिक बिजली व्यवस्था को बचाने के लिए यूनियन हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
मंच से राज्य प्रधान श्री इक़बाल चंदाना ने घोषणा की कि आगामी 2 जुलाई 2026 को हरियाणा के समस्त बिजली कर्मचारी बिजली मंत्री श्री अनिल विज के अंबाला स्थित आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार एवं निगम प्रबंधन कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं करते हैं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस आंदोलन के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी औद्योगिक अशांति की पूर्ण जिम्मेदारी सरकार एवं निगम प्रबंधन की होगी।
यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कर्मचारियों के हितों पर किसी भी प्रकार का कुठाराघात स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा अपने अधिकारों की रक्षा के लिए कर्मचारी एकजुट होकर निर्णायक संघर्ष करेंगे।
श्याम लाल खोड
राज्य प्रेस सचिव एच.एस.ई.बी. वर्कर्ज़ यूनियन हेड ऑफिस भिवानी (रजि. नं. 292)
