जोहड़ पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं! प्रदेश सरकार को भेजी जाएगी पैमाइश रिपोर्ट; पैमाइश करके की जाएगी तोडफ़ोड़
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेशभर में स्वच्छ गांव-स्वच्छ जलवायु अभियान के तहत गांव में जोहड़ों को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए अभियान चलाया हुआ है। जिससे भूजल को स्वच्छ बनाया जा सके। इसके तहत प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग और पंचायत को निर्देश दिए हैं जोहड़ की भूमि पर जिन व्यक्तियों ने अवैध कब्जा करके निर्माण किए हुए हैं, उनकी रिपोर्ट तैयार की जाए। इस रिपोर्ट को हरियाण सरकार को भेजा जाए। ताकि समय आने पर इनको तोडऩे की कार्रवाई की जा सके।
पैमाइश करके तोडफ़ोड़ की जाए
हरियाणा प्रदेश सरकार ने गांवों में बरसात और नालियों के पानी को स्वच्छ करके संरक्षण करने के लिए जोहड़ों को स्वच्छ बनाने का अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि यह तय करें कि किसी भी जोहड़ की भूमि पर कोई अवैध निर्माण नहीं होना चाहिए। यदि किसी ने जोहड़ की भूमि पर अवैध कब्जा करके निर्माण किया हुआ हैं तो उसकी पैमाइश करके तोडफ़ोड़ की जाए।
इसी के तहत जोहड़ में कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह का कचरा न डाले, इसे लेकर तारों की जाली लगवाई जाए या फिर उसके चारों तरफ दीवार बनवाई जाए। इसी दिशा में अब पंचायत और राजस्व विभाग गांवों की जोहड़ों की पैमाइश कराएगा और उसकी रिपोर्ट तैयार करके सरकार को भेजेगा।
एक साल बाद जोहड़ों की प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड निरीक्षण करेगा। जहां पर जोहड़ में कचरा पड़ा हुआ मिला, उसकी पंचायत पर जुर्माना भी किया जा सकता है।
