सिरसा जिला के गांव ढूकड़ा में पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत, आज़ाद हिंद फ़ौज के सेनानी सूरजा राम बिरड़ा की प्रतिमा का किया अनावरण
नाथुसरी चोपटा खंड के गांव ढूकड़ा के मुख्य चौक में शुक्रवार को आज़ाद हिंद फ़ौज की ‘आज़ाद ब्रिगेड’ के वीर योद्धा, स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय चौधरी सूरजा राम बिरडा की प्रतिमा का अनावरण समारोह श्रद्धा और गौरव के साथ आयोजित किया गया।
चौधरी सूरजा राम बिरडा नेता जी सुभाष चंद्र बोस के आह्वान पर आज़ाद हिंद फ़ौज में शामिल हुए और सिंगापुर से लेकर बर्मा मोर्चे तक देश की आज़ादी के लिए वीरता और साहस के साथ लड़े। बर्मा के मोर्चे पर अदम्य शौर्य का परिचय देने के साथ-साथ उन्होंने कठोर कारावास की यातनाएँ भी सहन कीं। 1946 में रिहा होकर वे अपने गांव लौटे और आजीवन देशभक्ति व समाजसेवा के मूल्यों को जीवित रखा। उनका निधन 5 अप्रैल 2011 को हुआ।
इस समारोह में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला ने भी कार्यक्रम में विशेष रूप से शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वतंत्रता सेनानी की धर्मपत्नी मादी देवी ने की।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी के सुपुत्र मोहर सिंह बिरडा एवं पुत्री सुमित्रा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने पिता के संघर्षपूर्ण जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि उनका त्याग और बलिदान आज भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी देशभक्ति की प्रेरणा देता है।
प्रतिमा अनावरण समारोह में गांव के सरपच राजेंद्र कुमार, जमाल के सरपंच लीलू राम डूडी, हरि सिंह मडा, क्षेत्र के विभिन्न गांव के सरपंच,पंच पूर्व सैनिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी सूरजा राम जी बिरडा जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और त्याग की अमूल्य धरोहर है। इस कार्यक्रम का मच संचालन गांव के समाजसेवी सुरेश कुमार व लिपिक नरेश कुमार ने किया। इस अवसर पर मा.गोपी राम ने सुरजा राम की जीवनी के बारे में इस अवसर पर व्याख्यान किया।
