किसान यूरिया खाद के लिए परेशान, लेकिन मोरीवाला में पीएस इंडस्ट्री (प्लाईवुड की फैक्ट्री) में धड़ल्ले से एग्रीकल्चर ग्रेड की युरिया का हो रहा है दुरुपयोग: लखविंदर सिंह औलख
Mahendra india news, new delhi
बीकेई प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने जानकारी देते हुए बताया कि मोरीवाला के किसानों ने उन्हें सूचित किया कि पीएस इंडस्ट्री जिसमें प्लाई व बोर्ड बनाया जाता है, उसमें एग्रीकल्चर ग्रेड की यूरिया का धड़ल्ले से दुरुपयोग किया जा रहा है। दो दिन पूर्व देर रात्रि को एक यूरिया खाद की भरी हुई गाड़ी नंबर एचआर-57ए-6246 को प्लाईवुड व बोर्ड वाली फैक्ट्री के अंदर जाते हुए मोरीवाला गांव के किसानों ने देखा तो सब हैरान रह गए कि किसानों को तो खेत में डालने के लिए यूरिया नहीं मिल रही है और फैक्ट्रीयों में यूरिया का दुरुपयोग हो रहा है,
जब हम उपरोक्त फैक्ट्री में पहुंचे तो वहां पर मौजूद सोमिल कंबोज ने माना कि वह फैक्ट्री में प्रयोग करने के लिए 400 रुपए प्रति बैग यूरिया खरीदने हैं और वह अकेले नहीं और भी कई फैक्ट्रीयों वाले एग्रीकल्चर ग्रेड की यूरिया ब्लैक में खरीदने हैं। यह उसने वीडियो क्लिप में भी कहा है। गुरप्रीत सिंह संधू वे मौजूद किसानों द्वारा कृषि विभाग को इस प्रकरण की शिकायत दी।
इसी बीच सोमिल कंबोज मौके से फरार हो गया। थोड़ी देर बाद एपीपीओ विजेंद्र चौहान और विषय विशेषज्ञ कोमल मौके पर पीएस इंडस्ट्री मोरीवाला में पहुंचे। विजेंद्र चौहान ने मौके पर 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को बुलाया। उसके बाद थाना डिंग रोड़ से पुलिस पार्टी फैक्ट्री में पहुंची और उनकी मौजूदगी में देर रात्रि को यूरिया खाद वाले स्टोर को सील किया गया।
आगे की कार्रवाई करते हुए कल कृषि विभाग ने डिंग रोड थाना में मुकदमा दर्ज करने के लिए शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने यूरिया खाद को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। औलख ने कहा कि हम मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार, कृषि मंत्री भारत सरकार, उर्वरक मंत्री भारत सरकार व पुलिस महानिदेशक हरियाणा को शिकायत पत्र भेजकर एग्रीकल्चर ग्रेड की यूरिया खाद के फैक्ट्रीयों में हो रहे दुरुपयोग को रोकने के लिए और उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करवाने के लिए सबूतों व तथ्यों के साथ मांग रखेंगे। प्रति महीने हजारों गट्टे यूरिया खाद धोखे से किसानों का अंगूठा लगाकर इन फैक्ट्रीयों को ब्लैक में बेची जा रही है।
हमें पता चला है कि एक ही दुकानदार लंबे समय से मोरीवाला में इस फैक्ट्री के अलावा और भी कई फैक्ट्रियों में यूरिया की सप्लाई कर रहा है। मोरीवाला में स्थित सालासर के नाम से प्लाईवुड की एक फैक्ट्री का नाम भी सामने आ रहा है, जिसमें बहुत बड़ी मात्रा में एग्रीकल्चर ग्रेड के यूरिया का दुरुपयोग हो रहा है। यह भी पता चला है कि यूरिया की सप्लाई के लिए निरंतर एक ही गाड़ी का प्रयोग किया जा रहा है। किसानों ने कहा कि कृषि विभाग व पुलिस द्वारा इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर गुरप्रीत सिंह संधू, अमरीक सिंह बाजवा, गुरसाहिब सिंह भट्टी, बलदेव सिंह संधू, जीत सिंह रंधावा, पूर्व सरपंच सतबीर सिंह बाजवा, जसमेर सिंह भट्टी आदि किसान मौजूद रहे।
