हरियाणा के किसानों को 400 केवी बिजली लाइन का मुआवजा मिलना शुरू, किसी को 6 तो किसी को 5 करोड़ रुपये प्रति एकड़ मिले
mahendra india news, new delhi
किसानों की तकदीर बदल रही है। हरियाणा प्रदेश मेें फतेहाबाद जिले के धरतीपुत्रों के लिए खेतों से गुजरने वाली 400 केवी की उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। प्रभावित किसानों के बैंक खातों में लंबे इंतजार के बाद अब मुआवजा राशि जारी होने का सिलसिला शुरू हो गया है। भूमि की लोकेशन और प्रशासनिक सर्वे के आधार पर किसानों को प्रति एकड़ डेढ़ करोड़ से लेकर 6 करोड़ रुपये तक का अच्छा मुआवजा मिला है।
जानकारी के अनुसार मुआवजा वितरण के साथ ही संबंधित एजेंसी ने खेतों में विशालकाय बिजली टावर लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया है। जिन धरतीपुत्रों के परिवारों की भूमि में आपसी पारिवारिक विवाद नहीं है, उनके खातों में सीधे राशि हस्तांतरित कर दी गई है। जबकि आपसी विवाद के चलते कई किसानों को मुआवजा नहीं मिला।
बता दें कि इस स्कीम के तहत एक कनाल से लेकर 4 कनाल भूमि पर बिजली के बड़े टावर स्थापित किए जा रहे हैं। बाजार मूल्य और सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक प्रत्येक क्षेत्र के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की गई हैं। अभी तक जारी हुए मुआवजे में शहर के 220 केवी बिजलीघर के समीप स्थित बीमा बस्ती की भूमि के लिए किसानों को सर्वाधिक 6 करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक मुआवजा मिला है।
गांव धांगड़ के किसानों को 3 से 5 करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर से भुगतान किया गया है। वहीं, गांव बड़ोपल में अधिकतम 2 करोड़ 7 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से राशि जारी हुई है। इसके अतिरिक्त गांव खाराखेड़ी के पात्र किसानों के खातों में भी सर्वे के अनुसार मुआवजा राशि बैंक खाते में डाली जा रही है। जिले के खाराखेड़ी, बड़ोपल और धांगड़ के खेतों से गुजरते हुए यह लाइन फतेहाबाद शहर के बस स्टैंड के समीप स्थित 220 केवी सब-स्टेशन से जोड़ी जाएगी।
बता दें कि यह स्कीम राजस्थान के विशाल सोलर पार्कों से उत्पादित हरित सौर ऊर्जा को हरियाणा और पंजाब तक पहुंचाने के लिए की जा रही है। करीबन 12000 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सिवानी-फतेहाबाद रूट पर जिले की सीमा में 51 स्थानों पर बड़े बिजली टावर लगाए जा रहे हैं। वहीं, सिवानी से पंजाब के पातड़ा जाने वाले दूसरे 400 केवी रूट पर भी जिले में 85 स्थानों पर टावर स्थापित होने हैं। टोहाना क्षेत्र से होकर पंजाब जाएगी।
