हरियाणा में किसानों को वर्मीकम्पोस्ट खरीद पर मिलेगी 80 प्रतिशत सब्सिडी, 31 दिसंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
mahendra india news, new delhi
हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने और मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के उद्देश्य से किसानों को जैविक खाद (वर्मीकम्पोस्ट) की खरीद पर 80 प्रतिशत सब्सिडी देने की योजना शुरू की गई है। रबी सीजन 2026-27 के तहत इस योजना का लाभ मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसान उठा सकते हैं। उप कृषि निदेशक डॉ. विनोद फोगाट ने बताया कि योजना के तहत प्रति किसान अधिकतम एक एकड़ क्षेत्र के लिए सब्सिडी दी जाएगी। रबी फसलों के लिए किसान 31 दिसंबर तक मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले किसानों को अनुमोदित वर्मीकम्पोस्ट 15 जनवरी 2027 तक जिले के अधिकृत एवं लाइसेंस प्राप्त डीलरों से खरीदनी होगी।
उन्होंने बताया कि खाद खरीदने के बाद किसानों को 30 जनवरी 2027 तक पोर्टल पर बिल अपलोड करना होगा। इसके अलावा बिल की हार्ड कॉपी संबंधित खंड कृषि अधिकारी कार्यालय में भी जमा करवानी होगी। विभाग द्वारा दस्तावेजों और खरीद का सत्यापन किए जाने के बाद सब्सिडी की राशि सीधे किसान के बैंक खाते में भेजी जाएगी। यह राशि वास्तविक बिल का 80 प्रतिशत अथवा सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम सीमा, दोनों में से जो भी कम होगी, के अनुसार दी जाएगी।
डॉ. विनोद फोगाट ने किसानों से अपील की कि वे गेहूं, सरसों सहित अन्य रबी फसलों की बिजाई में वर्मीकम्पोस्ट का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। जैविक खाद अपनाने से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और मिट्टी के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान अपने संबंधित खंड कृषि कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
