नहरों में पानी की बाराबंदी के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज, 3 दिसंबर को महिलाएं करेंगी मटका फोड़ प्रदर्शन, 15 को महापंचायत
mahendra india news, new delhi
नहरों और माइनरों में पानी की बाराबंदी के विरोध में संयुक्त किसान संगठन ने सोमवार को नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर किसानों को 3 दिसंबर को फतेहाबाद के लघु सचिवालय में चल रहे पक्का धरना-प्रदर्शन स्थल पर महिलाओं द्वारा किए जाने वाले मटका फोड़ प्रदर्शन व 15 दिसंबर को महापंचायत में पहुंचने का निमंत्रण दिया गया। किसान नेताओं ने गांव जोगीवाला, चाहरवाला, रामपुरा बगडियां, कागदाना, कुम्हारिया, खेड़ी, गुसाईआना, राजपुरा साहनी, जसानियां, जांडवाला और दैयड़ में जनसंपर्क किया।
इससे पहले गांव में संयुक्त किसान मोर्चो के सदस्यों के पहुंचने पर गांव गांव में ट्रैक्टरों के काफिले के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं किसानों ने किसान एकता जिंदाबाद व अपने पानी का हक लेकर रहेंगे के नारे लगाए।
गांवों में किसानों को संबोधित करते हुए किसान समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा, किसान नेता रणधीर सिंह जोधका, मनदीप नथवान, रोहताश पूनिया शाहपुरिया, सतीश बैनीवाल, मुकेश बैनीवाल, दरिया सिंह चाहरवाला, बलदेव सिंह चाहरवाला, भूपी बैनीवाल कागदाना ने कहा कि नहरों व माइनरों में 16 दिन पानी बंद रहने के बाद केवल 8 दिन पानी छोड़े जाने का कार्यक्रम किसानों के लिए परेशानी का कारण बनेगा। इस व्यवस्था के चलते किसानों को पानी की अगली बारी के लिए करीब 40 दिन इंतजार करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि इतने लंबे अंतराल के कारण किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों के सामने पीने के पानी की समस्या भी खड़ी हो सकती है। इससे किसानों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
किसान नेताओं ने कहा कि नहरों में पानी की इस बाराबंदी के खिलाफ फतेहाबाद के लघु सचिवालय में चल रहे पक्का धरना-प्रदर्शन स्थल पर महिलाएं मटका फोड़ प्रदर्शन करेगी व 15 दिसंबर को महापंचायत की जाएगी। जिसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने हकों की आवाज बुलंद करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में शामिल हों।
