मूंगफली खेती की ओर बढ़ा किसानों का रुझान, नाथूसरी चौपटा में 600 किसानों को मिला बीज
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में मूंगफली की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान को किसानों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। तिलहन योजना के तहत गांव माखोसरानी और कागदाना में आयोजित बीज वितरण कार्यक्रम में किसानों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में किसान सुबह से ही वितरण केंद्रों पर पहुंचे और विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए गए प्रमाणित बीज प्राप्त किए।
कार्यक्रम के दौरान करीब 600 किसानों को मूंगफली का बीज वितरित किया गया। किसानों ने विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज मिलने से उन्हें खेती में लाभ मिलेगा और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ब्लॉक कृषि अधिकारी शैलेन्द्र सहारण ने बताया कि क्षेत्र में किसानों का रुझान लगातार मूंगफली की खेती की ओर बढ़ रहा है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार मूंगफली की बिजाई का रकबा काफी बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध करवाकर तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देना है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
उन्होंने बताया कि बीज वितरण के दौरान किसानों की सुविधा के लिए विभाग द्वारा विशेष प्रबंध किए गए थे। जिन किसानों को इस चरण में बीज नहीं मिल पाया है, उन्हें आगामी शुक्रवार को बीज उपलब्ध करवाया जाएगा। विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।
किसानों ने बताया कि सरकार और कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ सीधे खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिल रही है। मूंगफली जैसी नकदी फसल की खेती बढ़ने से क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर कृषि विभाग के मोहिंदर कुमार (बीटीएम), होशियार सिंह, रविंद्र मैदान सिंह, एटीएम सैलजा, पवन कुमार, आनंद, सुशील, विपुल, अक्षय, सुरेंद्र, मांगेराम, सत्यनारायण, संदीप, नैंसी, सचिन एस सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया और विभागीय अधिकारियों से खेती संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।
