home page

फग्गू अनाज मंडी में धान खरीद में धांधली को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन, किसानों ने सरदूलगढ़-डबवाली रोड पर जाम लगाया

 | 
Farmers staged a protest over irregularities in paddy procurement at the Phaggu grain market and blocked the Sardulgarh-Dabwali road

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा जिले की फग्गू अनाज मंडी में धान खरीद में धांधली को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। खरीद एजेंसियों और मार्केट कमेटी की कथित लापरवाही तथा राइस मिलरों की मनमानी के चलते किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके विरोध में किसानों ने सरदूलगढ़-डबवाली मार्ग पर अनिश्चितकालीन जाम लगा दिया।

बीकेई अध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने बताया कि मंडी में राइस मिलर और आढ़ती मनमानी कर रहे हैं। धान की नमी (मॉइश्चर) मापने वाली मशीनों में कथित तौर पर गड़बड़ी पाई गई, जिससे किसानों के धान को तय मानकों से कम मॉइश्चर बताकर कम दामों पर खरीदा जा रहा था या फिर खरीदारी से इंकार किया जा रहा था। जब किसानों ने इस गड़बड़ी को रंगे हाथों पकड़ा, तो अपनी नाकामी छुपाने के लिए व्यापारियों ने हड़ताल का रास्ता अपना लिया। उनका सीधा आरोप है कि मार्केट कमेटी और खरीद एजेंसियां मूकदर्शक बनकर राइस सेलरों के जरिए किसानों का आर्थिक शोषण करवा रही हैं।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। कालांवाली मार्केट कमेटी के सचिव, डीएम वेयरहाउस और डीएफएससी तुरंत मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे किसानों से बातचीत की। अधिकारियों ने कहा कि फग्गू मंडी के चार संबंधित आढ़तियों को तुरंत प्रभाव से नोटिस जारी किया जा रहा है। यदि वे कल तक धान खरीद प्रक्रिया में शामिल नहीं होते हैं, तो उनके लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे। डीएफएससी ने आश्वासन दिया कि प्रशासन वैकल्पिक प्रबंध कर रहा है, ताकि किसानों का धान बिना किसी रुकावट के सरकारी रेट पर खरीदा जा सके। धान में नमी (माछचर) की जांच अब पूरी तरह से सरकारी और प्रमाणित मशीनों से ही की जाएगी, जिससे किसानों के साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी न हो।

WhatsApp Group Join Now

प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन और उपायुक्त के साथ टेलीफोन पर हुई सकारात्मक चर्चा के बाद किसानों ने सरदूलगढ़-डबवाली रोड का जाम खोल दिया। हालांकि, किसानों ने अपनी मांगों पर सख्त पहरा रखने के लिए सड़क के जाम को समाप्त कर धरने को अनाज मंडी के अंदर ही जारी रखने का निर्णय लिया है। बीकेई अध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे दोबारा कड़ा कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के मेंबर कुलदीप सिंह, फगु पूर्व सरपंच बलजीत सिंह, गुरनाम सिंह पक्का सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।