हरियाणा में महिला क्लर्क के सिर में गोली मारकर हत्या, सीसीटीवी कैमरे में घटना हुई कैद
हरियाणा प्रदेश के करनाल में पॉश एरिया सेक्टर-9 में बिजली निगम की क्लर्क और कर्मचारी यूनियन की प्रधान 50 साल की डिंपल अरोड़ा की उनके घर के बाहर ही सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार दोपहर करीब सवा एक बजे की है। इस दिनदहाड़े वारदात को एक हेलमेट पहने युवक ने अंजाम दिया, युवक काफी देर से इलाके में रेकी कर रहा था। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
महिला लिपिक के साथ वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया। करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए ।
बताया जा रहा है कि प्रधान व लिपिक डिंपल अरोड़ा शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने कार्यालय से खाना खाने के लिए घर पहुंची थीं। वह घर के बाहर स्कूटी रोकी। इसी दौरान एक युवक बाइक पर वहां पहुंचा। उसने हेलमेट पहन रखा था और हाथ में कपड़े के पीछे पिस्टल छिपाई हुई थी।
जमीन पर गिर पड़ीं और आरोपी मोटरसाईकिल लेकर फरार हो गया। इस घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद महिला को चक्कर आया है, लेकिन जब सिर से खून बहता दिखाई दिया तो तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो पूरा घटनाक्रम सामने आया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी पहले से एरिया में रेकी कर रहा है। इसके बाद डिंपल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। कुछ दूरी पर आरोपी बाइक लेकर खड़ा हो जाता है। जैसे ही डिंपल स्कूटी लॉक करने लगती हैं, आरोपी तेजी से उनके पास पहुंचता है और बहुत ही करीब जाकर पीछे से डिंपल के सिर में गोली मार देता है। इस घटना को अंजाम देने के बाद वह दौडक़र बाइक पर बैठता है और फरार हो जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कर्मचारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
