home page

5 मई तक बढ़ाई गई फायर कर्मचारियों की हड़ताल: चाहर

 | 
mahendra india news, new delhi

mahendra india news, new delhi
सिरसा। प्रदेश प्रवक्ता व सिरसा डिपो  प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने सिरसा फायर कर्मियों द्वारा किए जा रहे संघर्ष को अपना समर्थन दिया। उन्होंने फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद दमकल कर्मचारी रणवीर सिंह व भवीचंद शर्मा को शहीद का दर्जा देने, उनके आश्रितों को 1-1 करोड़ रुपए आर्थिक सहायता व सरकारी नौकरी प्रदान करने, 5000 रुपए मासिक जोखिम भत्ता लागू करने, पे-रोल व कौशल निगम के दमकल कर्मचारियों को विभाग के सर्जित पदों पर समायोजित कर समान काम-समान वेतन देने, नियमित कर्मचारियों को आॅनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में राहत देने तथा ड्यूटी के दौरान घायल कर्मचारियों को गंभीर स्थिति में विशेष अवकाश प्रदान करने जैसी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर जिला के सभी मुख्य व उपदमकल केंद्रों के हड़ताली दमकल कर्मचारियों ने सिरसा मुख्य दमकल केंद्र व उपदमकल केंद्रों पर हरियाणा सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। चाहर ने लगातार 23वें दिन की हड़ताल के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आगजनी की घटनाओं के कारण किसानों की गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है।

फसलों के अलावा भी कई अन्य स्थानों पर भी आगजनी की घटनाएं हुई, लेकिन बावजूद इसके विभागीय अधिकारी आंखें मूंदकर बैठे हैं। चाहर ने हा कि कर्मचारियों की मांगों के प्रति सरकार बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। उन्होंने बताया कि जब तक फायर कर्मचारियों की न्याय उचित मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक ये हड़ताल वापस नहीं होगी।


चाहर ने कहा कि हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य कमेटी ने बैठक कर इस हड़ताल को 5 मई तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। राज्य कमेटी के फैसले अनुसार जिले के सभी विधायकों को फायर कर्मचारी की मांगों का ज्ञापन दिया गया। चाहर ने कहा कि फायर कर्मचारी लगातार 8 अप्रैल  से हड़ताल पर बैठे हैं। यदि 5 मई तक भी सरकार ने फायर कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा भी उनके समर्थन में 1 व 2 मई से काम बंद हड़ताल करेगा, जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।

WhatsApp Group Join Now

धरने पर पहुंचे प्रदेश प्रवक्ता व सिरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने फायर कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए कहा कि यदि सरकार ने फायर कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया तो रोडवेज का चक्का जाम करने में भी गुरेज नहीं करेंगे। धरने पर रोहताश महेरिया, अशोक मेहला, ऋषि सिहाग, अनिल कुमार, कुलदीप झोरड़, बलराम जांदू, प्रवीण कुमार, राजेंद्र बिश्रोई, सुरेंद्र पाल, संदीप कुमार, श्रवण कुमार आदि उपस्थित रहे।