home page

सिरसा में विद्यालय मुखियाओं और प्रधानाचार्यों का पांच दिवसीय नेतृत्व विकास प्रशिक्षण सम्पन्न, डीपीसी कृष्ण लाल ने बताई अहमियत

 | 
news

mahendra india news, new delhi
जिला समग्र शिक्षा, सिरसा के तत्वावधान में समग्र शिक्षा, हरियाणा के अंतर्गत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेला ग्राउंड, सिरसा में 21 से 25 अक्टूबर 2026 तक आयोजित विद्यालय मुखियाओं एवं प्रधानाचार्यों के पांच दिवसीय सेवाकालीन शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का  सफलतापूर्वक समापन हुआ।

विद्यालय नेतृत्व विकास पर केंद्रित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न खंडों से आए विद्यालय मुखियाओं एवं प्रधानाचार्यों को प्रभावी नेतृत्व, विद्यालय विकास योजना, तनाव प्रबंधन, वित्तीय साक्षरता तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन के प्रात:कालीन सत्र में हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान से जुड़े आर्ट आॅफ लिविंग के मेंटर गौरव मिगलानी एवं करण अरोड़ा ने समेकित कल्याण पद्धतियों, प्रभावी नेतृत्व के लिए सचेतनता एवं चिंतन, व्यक्तिगत कार्ययोजना तथा दैनिक कल्याण पद्धतियों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन किया।

उन्होंने विद्यालय मुखियाओं को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, मानसिक संतुलन तथा आत्मचिंतन के माध्यम से नेतृत्व क्षमता को प्रभावी बनाने के व्यावहारिक गुर सिखाए। भोजनावकाश के पश्चात आयोजित अपराह्न सत्र में वित्तीय साक्षरता, करियर मार्गदर्शन एवं कौशल विकास विषय पर जिला समग्र शिक्षा, सिरसा के समन्वयक बलबीर सिंह ने महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। नेतृत्व संवाद, संघर्ष समाधान एवं सामुदायिक सहभागिता विषय पर डाइट विषय विशेषज्ञ डॉ. राजेश खुराना ने विद्यालयों में सहयोगात्मक नेतृत्व और बेहतर संवाद की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वहीं, विद्यालय योजना प्रस्तुतीकरण विषय पर डाइट प्रवक्ता चंद्र प्रकाश शर्मा तथा विद्यालय विकास योजना एवं कार्ययोजना तैयार करने के विषय पर डाइट प्रवक्ता डॉ. विनोद कुमार ने विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया।

WhatsApp Group Join Now

इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को विद्यालयों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं के निर्माण, प्रभावी क्रियान्वयन तथा शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रमाण-पत्र वितरण एवं समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिला परियोजना समन्वयक, सिरसा कृष्ण लाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर डाइट प्रवक्ता चंद्र प्रकाश शर्मा एवं नरेश नरूला भी मौजूद रहे। समापन अवसर पर कृष्ण लाल ने कहा कि बेहतर नेतृत्व, बेहतर विद्यालय और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यालय मुखियाओं की नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण तैयार करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान एवं कौशल को विद्यालयों में व्यवहार में लाने का आह्वान किया।
 
-पांच दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञोां ने अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इससे उन्हें विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक सहयोग, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।
कृष्ण लाल, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी), सिरसा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम समन्वयक