हिमाचल के राज्यपाल से मिले ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल, सिरसा आने का दिया निमंत्रण
सिरसा। ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने लोक भवन, शिमला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से एक शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई। लोक भवन पहुंचने पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र जी गुप्ता ने ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल जी का स्वागत किया। उन्होंने हिमाचली संस्कृति और परंपरा के अनुसार प्रो. गणेशी लाल को हिमाचली टोपी पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस खास मौके पर प्रो गणेशी लाल के पुत्र भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनीष सिंगला और पौत्र लक्ष्य सिंगला ने राज्यपाल को भगवान श्री राम जी का भव्य विग्रह (मूर्ति) भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
लगभग एक घंटे तक चली इस शिष्टाचार मुलाकात में दोनों महानुभावों ने अपने पुराने अनुभवों और स्मृतियों को एक-दूसरे के साथ साझा किया। मुलाकात के अंत में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल जी ने हिमाचल के राज्यपाल को सिरसा (हरियाणा) आने का स्नेहपूर्ण निमंत्रण दिया, जिसे राज्यपाल ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। यह मुलाकात दोनों राज्यों के अनुभवों के आदान-प्रदान और आपसी सम्मान के साथ-साथ व्यक्तिगत और सामाजिक रिश्तों को और मजबूती देने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रही।
