बाबा सरसाईनाथ बुक बैंक का चौथा पुस्तक वितरण समारोह आयोजित, एनसीआरटी की बुक्स का ही इस्तेमाल करें विद्यार्थी: गुरदीप सैनी
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। बाबा सरसाईनाथ बुक बैंक का वर्ष 26-27 का चौथा पुस्तक वितरण समारोह रविवार को गौशाला के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया। सबसे पहले मुख्य अतिथि प्रेम कंदोई महासचिव श्री गौशाला ने मां सरस्वती व बाबा सरसाईनाथ की प्रतिमा के सामने ज्योत प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया व सभी पदाधिकारियों ने भी पुष्प अर्पित किए।
यह जानकारी देते हुए ट्रस्ट के सह सचिव अनिल सैनी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष गुरदीप सैनी ने की। गुरदीप सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बुक बैंक पिछले 5 वर्ष से 15000 विद्यार्थियों को लाभान्वित कर चुका है, जिसमें पाठ्य पुस्तकों, नि:शुल्क चश्मा, स्टेशनरी, स्कूल शूज, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें वितरित की गई हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि एनसीईआरटी की बुक्स का ही इस्तेमाल करें इसी में से सभी प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्न पत्र सेट किए जाते हैं। अनिल सैनी ने बताया कि आज कक्षा नौवीं से लेकर 12वीं कक्षा के 45 विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों के सेट तथा 02 विद्यार्थियों को नि:शुल्क वर्दी के साथ-साथ दो विद्यार्थियों को स्कूल शूज प्रदान किए। मंच संचालन रणजीत सिंह टक्कर ने किया। कार्यक्रम में समाजसेवी रतन सिंह दुरेजा, पवन कुमार मैनेजर, गौतम कुमार सहित सभी ट्रस्टी उपस्थित थे।
