सिरसा में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, 125 मरीजों की आंखों की जांच और मुफ्त दवाइयां वितरित
mahendra india news, new delhi
श्री कृष्णा मानव कल्याण समिति की ओर से संस्था के प्रांगण नजदीक सीएमके कॉलेज सिरसा में आईक्यू हॉस्पिटल सिरसा के सहयोग से एक नि:शुल्क आंखों की जांच का मेगा कैंप आयोजित किया गया। जानकारी देते हुए संस्था के प्रधान राजेंद्र बजाज एडवोकेट ने बताया कि इस नि:शुल्क मैडिकल कैंप में आए हुए 125 मरीजों की आईक्यू हॉस्पिटल के स्पेशलिस्ट डॉक्टर के द्वारा आधुनिक मशीनों से जांच की गई। सभी मरीजों को मुफ्त दवाइयां दी गई व उनकी मुफ्त शुगर जांच भी की गई। संस्था की ओर से आए हुए सभी डॉक्टर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन संस्था के उप प्रधान रणजीत सिंह टक्कर ने किया और संस्था की गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया।
इस मौके पर राजेंद्र बजाज एडवोकेट ने बताया कि आज से लगभग 45 वर्ष पूर्व संस्था के संस्थापक स्वर्गीय भगवान दास बजाज ने जिन उद्देश्यों को लेकर इस संस्था की स्थापना की थी। आज का यह कार्यक्रम इस कड़ी का ही एक रूप है। संस्था समय-समय पर इस तरह के नि:शुल्क मेडिकल कैंपों का आयोजन कर समाज के जरूरतमंद वह वंचित वर्ग की सहायता में हमेशा तत्पर रहती है। इसके साथ-साथ संस्था जरूरतमंद लड़कियों के लिए पिछले लगभग 20 वर्षों से कंप्यूटर सेंटर, सिलाई सेंटर भी चला रही है, जहां पर हजारों जरूरतमंद लड़कियां सिलाई व कंप्यूटर सीख कर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।
बजाज ने कहा कि संस्था नर सेवा नारायण सेवा के वाक्य को सही मायने में चरितार्थ कर रही है। संस्था समय-समय पर गर्मियों के सीजन में अनेक स्कूलों में बच्चों को ठंडा जल उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर भी लगवाती रहती है। संस्था के संस्थापक स्वर्गीय भगवान दास बजाज ने संस्था रूपी जो पौधा रोपण किया था, उनकी मेहनत लगन से यह संस्था आज एक वट वृक्ष का रूप धारण कर चुकी है और समाज के जरूरतमंद वर्ग की मदद में यह शहर की अग्रणी संस्था है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डा. राजेश गोदारा, विक्रम सिंह, नवीन ग्रोवर, संजीव बजाज, अमित सोढ़ी, रविंद्र बजाज, चंद्रशेखर मेहता, मुंशी राम मेहता, मदनलाल मेहता, विनोद बंसल का सराहनीय योगदान रहा। अंत में संस्था के सचिव विनीत अरोड़ा ने आए हुए सभी मेहमानों का धन्यवाद किया।
