home page

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़ एवं चूरू स्टेशनों का किया निरीक्षण यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 | 
news

mahendra india news, new delhi

महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे, पंकज शर्मा ने बीकानेर मंडल के दौरे के दौरान श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़ एवं चूरू रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशनों पर चल रहे विकास एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास कार्यों तथा रेल संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


महाप्रबंधक बीकानेर से विशेष निरीक्षण कार (SPIC) से श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलखंड में ट्रैक, सिग्नल, परिचालन एवं रेल संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। श्रीडूंगरगढ़ स्टेशन पर उन्होंने प्लेटफॉर्म लेवल को ऊंचा करने तथा प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने के कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात महाप्रबंधक रतनगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की सहित स्टेशन के विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया ।
रतनगढ़ में रेल सेवा संघर्ष समिति एवं विधायक पूसाराम गोदारा ने महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा का स्वागत किया तथा विभिन्न मांगों एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

इस निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक विशेष निरीक्षण कार (SPIC) से चूरू पहुंचे। यहां स्टेशन का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने चूरू स्टेशन की एकीकृत क्रू लॉबी का भी निरीक्षण किया तथा परिचालन व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यप्रणाली में बेहतर समन्वय एवं दक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए।
पत्रकारों से प्रेस वार्ता कर उपलब्धियों एवं योजनाओं की दी जानकारी
निरीक्षण के पश्चात महाप्रबंधक ने चूरू स्टेशन पर पत्रकारों से प्रेस वार्ता की। 

WhatsApp Group Join Now

 संरक्षा संवाद में रेलकर्मियों से किया सीधा संवाद 

महाप्रबंधक ने चूरू स्टेशन स्थित रनिंग रूम का निरीक्षण कर रनिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात रनिंग कर्मचारियों के साथ आयोजित संरक्षा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।
महाप्रबंधक ने कहा कि संरक्षित रेल संचालन सभी रेलकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने रेल संचालन में किसी भी प्रकार का शॉर्टकट नहीं अपनाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संरक्षा से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाए तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में लाल सिग्नल को पार करने जैसी गंभीर संरक्षा चूक नहीं होनी चाहिए।
महाप्रबंधक ने सभी रेलकर्मियों को सजगता, सतर्कता एवं पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करते हुए संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने तथा संरक्षा को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

 महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक ने किया वृक्षारोपण 

चूरू में महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे श्री पंकज शर्मा एवं मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित रेलवे की दिशा में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं देखभाल पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल सहित बीकानेर मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारी एवं रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।