सी ब्लॉक स्थित श्री दुर्गा शिव मंदिर में पहुंचे गोपाल कांडा, जागरण में माता के भजनों पर झूमे कांडा बंधु
mahendra india news, new delhi
हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं हरियाणा लोकहित पार्टी (HLP) के सुप्रीमो गोपाल कांडा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्री बाबा तारा कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने सिरसा के सी-ब्लॉक स्थित श्री दुर्गा शिव मंदिर में आयोजित विशाल भगवती जागरण में शिरकत की। मंदिर परिसर में पहुंचने पर आयोजन समिति तथा स्थानीय निवासियों ने कांडा बंधुओं का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री गोपाल कांडा एवं गोबिंद कांडा द्वारा माता रानी के दरबार में विधि-विधान से अखंड ज्योत प्रचंड करके किया गया। इसके बाद पूरे मंदिर परिसर में माता रानी के जयकारों की गूंज से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
जागरण के दौरान बाहर से आए प्रसिद्ध भजन गायक आशीष बंसी और उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक माँ भगवती के भजनों और भेंटों की प्रस्तुति दी। भजनों की भक्तिमयी रसधारा में श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। इस दौरान गोपाल कांडा और गोबिंद कांडा भी श्रद्धालुओं के साथ माता के भजनों पर झूमते और तालियां बजाते नजर आए।
धर्म एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहने वाले पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने इस धार्मिक आयोजन में अपनी ओर से श्री दुर्गा शिव मंदिर समिति को धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए 1 लाख 51 हजार रुपये का सहयोग प्रदान किया। इसके साथ ही, जागरण में अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधने वाली भजन गायकों की टीम का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें 51 हजार रुपये की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए गोपाल कांडा ने कहा, भारतीय सनातन संस्कृति के प्रचार और प्रसार में जागरण, कीर्तन तथा अन्य धार्मिक आयोजनों की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने सी-ब्लॉक के निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "आज अपने सी-ब्लॉक के परिवारजनों के बीच आकर मुझे असीम आनंद की अनुभूति हुई है। कांडा परिवार हमेशा से धर्म, अध्यात्म और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा है और भविष्य में भी हर सामाजिक व धार्मिक कार्य में सदैव तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में जागरण आयोजकों एवं मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से पूर्व मंत्री गोपाल कांडा और वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने कांडा बंधुओं को स्मृति चिह्न और माँ भगवती की पवित्र चुनरी भेंट कर उनका आभार जताया और सम्मानित किया। इस दौरान शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
