home page

राजकीय बहुतकनीकी संस्थान नाथूसरी चौपटा को मिला पहला स्थान

 | 
Government Polytechnic Institute Nathusari Chaupata got first place

mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चौपटा स्थित चौधरी देवीलाल राजकीय बहुतकनीकी संस्थान ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। संस्थान को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास और बेहतर प्लेसमेंट रिकॉर्ड के आधार पर हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।


चंडीगढ़ स्थित हरियाणा भवन में तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा गत दिवस आयोजित समारोह में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और खेल मंत्री गौरव गौतम ने संस्थान को इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 50 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह प्रशस्ति पत्र अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, महानिदेशक प्रभजोत सिंह, निदेशक यशपाल बेरवाल तथा तकनीकी शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में प्रदान किया गया। संस्थान की ओर से यह सम्मान प्रधानाचार्य विवेक वोहरा और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी राजकुमार दास ने प्राप्त किया।


प्रधानाचार्य विवेक वोहरा ने बताया कि यह सम्मान संस्थान के उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों, सुदृढ़ औद्योगिक संबंधों और विद्यार्थियों के बेहतर प्लेसमेंट के लिए दिया गया है। संस्थान ने लगभग शत-प्रतिशत दाखिले के साथ शानदार प्लेसमेंट रिकॉर्ड भी दर्ज किया है, जो उद्योग जगत में इसकी विश्वसनीयता को दर्शाता है। बेहतर प्रयोगशालाएं, अनुभवी शिक्षक और मेहनती छात्रों के तालमेल ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है।

WhatsApp Group Join Now

वर्तमान में संस्थान में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग की शाखाएं संचालित हो रही हैं। यह सम्मान शिक्षकों और छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पुरस्कार राशि का उपयोग विद्यार्थियों के कौशल विकास को और मजबूत बनाने तथा रोजगार उन्मुख तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने में किया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि यह सम्मान न केवल संस्थान बल्कि पूरे सिरसा जिले के लिए गर्व का विषय है।