गुड़िया खेड़ा का राजकीय विद्यालय देखेगा हरियाणा विधानसभा की लाइव कार्यवाही, विद्यार्थियों में उत्साह
mahendra india news, new delhi
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुड़िया खेड़ा के 50 विद्यार्थी और शिक्षक 1 सितंबर को दोपहर 1:00 बजे हरियाणा विधानसभा की लाइव कार्यवाही का अवलोकन करेंगे। यह जानकारी विद्यालय के प्राचार्य उमेद सिंह ढाका ने दी है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को देश और प्रदेश की लोकतांत्रिक प्रणालियों, विधायी प्रक्रियाओं और संसदीय कार्यशैली से व्यावहारिक रूप से रूबरू कराना है।
उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय अपनी उत्कृष्ट गतिविधियों और उपलब्धियों के लिए पूरे प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। विद्यालय ने हाल ही में युवा ग्राम पंचायत और युवा संसद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर उपविजेता का खिताब हासिल किया था। इसके अलावा, विद्यालय ने ब्यूटीफिकेशन में भी जिलाभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक और सृजनात्मक क्षमता का लोहा मनवाया था।
प्राचार्य उमेद सिंह ढाका ने विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यवाही दिखाने के इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए बेहद आवश्यक है। विधानसभा की कार्यवाही को लाइव देखने से विद्यार्थियों को सदन की बहस, विधेयकों के पारित होने की प्रक्रिया और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अनूठा अवसर मिलेगा।
इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में भारी उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन समिति और अध्यापकों का मानना है कि इस प्रकार के व्यावहारिक कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, राजनीतिक और सामाजिक जागरूकता का विकास होता है, जिससे वे भविष्य में एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक के रूप में देश निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें
