स्काउट्स एंड गाइड्स में उत्कृष्ट सेवाओं पर शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की प्राचार्या डॉ. शीला पुनिया को राज्यपाल ने किया सम्मानित
mahendra india news, new delhi
शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. शीला पूनिया इन्सां को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स में उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने प्रतिष्ठित थैंक्स बैज से सम्मानित किया। यह सम्मान हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में हरियाणा लोक भवन चंडीगढ़ में प्रदान किया गया।
डॉ. शीला पुनिया पिछले कई वर्षों से स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को बढ़ावा देने, छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव विकसित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में स्कूल ने स्काउटिंग एवं गाइडिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यह पहला अवसर नहीं है जब उन्हें सम्मानित किया गया हो। इससे पहले भी उन्हें जिला एवं राज्य स्तर पर अनेक बार विभिन्न पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। डॉ. शीला पुनिया को मिले इस सम्मान पर विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और इसे सिरसा जिले के लिए गौरव का विषय बताया। डॉ. शीला पुनिया इन्सां ने कहा कि थैंक्स बैज सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी स्काउट्स एंड गाइड्स के क्षेत्र में और अधिक समर्पण, सेवा भाव व उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
