home page

सीडीएलयू SIRSA में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ भव्य आयोजन, नियमित योग कक्षाएं शुरू करने का लिया संकल्प

 | 
Grand event held at CDLU Sirsa on International Yoga Day; pledge taken to start regular yoga classes

mahendra india news, new delhi
 चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर , एनसीसी विंग ,राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा  स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वाधान  में योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया।


मल्टी  पर्पज हाल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु  प्रो. विजय कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को दूर करने, कार्यक्षमता बढ़ाने तथा जीवन में संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य संवर्धन तथा योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग स्वस्थ जीवन की आवश्यकता बन चुका है और प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

WhatsApp Group Join Now


कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक अदिति ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया तथा योग के महत्व को समझा। इस अवसर पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय के खेल मैदान में सप्ताह में दो दिन प्रातःकाल नियमित योग कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी निरंतर योग का लाभ प्राप्त कर सकें। 


इस अवसर पर डीन कॉलेजेज प्रो. रामेहर दीक्षित, डीन यूएसजीएस प्रो. काशिफ, प्रोफेसर रचना अहलावत ,जनसंपर्क निदेशक डॉ. अमित सांगवान, कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र नुहिया, प्रान्त संपर्क प्रमुख स्वदेशी जागरण मंच दर्शन चावला  ,रवि ,युवराज ,सहायक कुलसचिव प्रेम भल्ला ,निजी सचिव धर्मवीर, मनोज भारत  सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन शैली को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।