गैस्ट टीचर्स यूनियन ने SIRSA भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
mahendra india news, new delhi
सिरसा। पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट चंडीगढ़ द्वारा गेस्ट टीचर्स को रेगुलर करने के हक में आए फैसले को सरकार द्वारा लागू करवाने को लेकर जिला सिरसा की समस्त गेस्ट टीचर्स यूनियन ने भाजपा जिला अध्यक्ष यतींद्र सिंह को जिला भाजपा कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। भाजपा जिला अध्यक्ष यतींद्र सिंह ने गेस्ट टीचर्स के हक में आए फैसले का स्वागत किया। उन्होंने सभी राष्ट्र निमार्ताओं को मिठाई खिलाई और सरकार से टीचर्स के हक की पूरी पैरवी का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि आपने बहुत लंबे समय तक संघर्ष किया है। आज आपको उसका ईनाम मिलने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि मैं कामना करता हूं कि आप सभी जल्द से जल्द नियमित हों। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आपकी पुरजोर वकालत और सिफारिश करूंगा। आपका लंबा संघर्ष रहा है।
गेस्ट टीचर प्रतिनिधि मंडल की तरफ से रविंद्र ख्यालिया ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने तीन साल की पॉलिसी को वैध करार दिया तथा इसके बाद हाईकोर्ट में गेस्ट टीचर की नियतिकरण की मांग को सही ठहराते हुए 2 महीने में नियमित करने का सरकार को निर्देश दिया है। हरियाणा के सभी अतिथि अध्यापक मांग पत्र के माध्यम से जल्द से जल्द हाई कोर्ट के फैसले को लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में सिरसा जिला के तमाम गैस्ट टीचर ने बुधवार को भाजपा सिरसा के जिला अध्यक्ष को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया है।
