home page

HARYANA NEWS, भोले-भाले मजदूरों के नाम पर फर्जीवाड़ा कर ट्रैक्टर हड़पने वाला आरोपी पुलिस रिमांड पर

 | 
NEWS
mahendra india news, new delhi

SIRSA  जिला पुलिस द्वारा आर्थिक अपराधों पर शिकंजा कसने की मुहिम लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आर्थिक अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मजदूरी करने वाले भोले-भाले लोगों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दर्जनों ट्रैक्टर खरीदकर खुर्द-बुर्द करने के मामले में संलिप्त आरोपी कुलदीप सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि सीएचएन इंडस्ट्रियल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत जसवीर निवासी टिब्बादाना शेर, जिला हिसार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि रिसालिया खेड़ा निवासी सूर्याप्रकाश, जो रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर ट्रैक्टर लोन करवाने का काम करता था, ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूर वर्ग के लोगों के नाम पर फर्जी कागजात तैयार किए। आरोपियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए ऐलनाबाद की सतगुरु ऑटोमोबाइल्स एजेंसी से 3 तथा डबवाली क्षेत्र की विभिन्न एजेंसियों से 29 ट्रैक्टर निकलवाकर आगे बेच दिए।

शिकायत के आधार पर थाना ऐलनाबाद में 20 मई 2025 को तीन व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने अहम सुराग जुटाते हुए आरोपी कुलदीप सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी मौजू की ढाणी, ऐलनाबाद को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।

WhatsApp Group Join Now

SIRSA अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है । पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर खुर्द-बुर्द किए गए ट्रैक्टरों का पता लगाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मामले का मुख्य आरोपी एवं फाइनेंसर सूर्याप्रकाश पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी ब्रह्मपाल अग्रिम जमानत पर है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति इस फर्जीवाड़े में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।