जम्मू में हरियाणा के युवक की पुलिस रिमांड के दौरान संदिग्ध मौत, मजिस्ट्रियल जांच शुरू
पानीपत के युवक की पुलिस रिमांड के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार जम्मू के गांधी नगर थाना में पुलिस रिमांड के दौरान रविवार को पानीपत के रहने वाले प्रवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रवीन की मौत होने पर पुलिस हिरासत को लेकर प्रश्र उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपित प्रवीण पर अपहरण, फिरौती सहित अन्य केस दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि प्रवीन काफी वक्त से जिला करनाल के किराए पर रह रहा था। जम्मू पुलिस के अनुसार प्रवीन को अपहरण व फिरौती मांगने के केस में गिरफ्तार किया था। प्रवीन कुमार को 4 आरोपियों के साथ कोलकाता से गिरफ्तार किया गया था।
कोलकाता से गिरफ्तारी के बाद सभी को ट्रांजिट रिमांड के बाद 25 मार्च को जम्मू लाया गया, इसके बाद गांधीनगर पुलिस थाने में रखा गया। कोर्ट की ओर से उन्हें 30 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। इसके बाद संडे के दिन नियमित मेडिकल जांच के बाद आरोपित ने तेज पेट दर्द की शिकायत की। पुलिस ने उसे राजकीय अस्पताल गांधी नगर में भर्ती करवाया, जहां पर चिकित्सकों ने प्रवीन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दावा किया है कि रिमांड के दौरान आरोपित की नियमित मेडिकल जांच कराई जा रही थी और सभी आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश साक्ष्य सुरक्षित
पुलिस की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जिला उपायुक्त जम्मू से मजिस्ट्रियल जांच कराने का अनुरोध किया है। जिसके आधार पर जिला प्रशासन की ओर से मामले की जांच के निर्देश जारी किए है। पुलिस हिरासत में संदिग्ध मौत की गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सभी सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुबूतों को सुरक्षित करने का दावा किया है।
