ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी ऐतिहासिक निर्णय: वीरेंद्र पहवाल
Mahendra india news, new delhi
हरियाणा सरकार द्वारा ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के वेतन में 2100 की बढ़ोतरी किए जाने के निर्णय का हरियाणा वाल्मीकि महापंचायत ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया है। सरकार द्वारा अपने वायदे को पूरा करते हुए ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन 16,000 से बढ़ाकर 18,100 कर दिया गया है, जो 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा।
हरियाणा वाल्मीकि महापंचायत के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र पहवाल एवं डॉ. साहिल इलाहाबादी ने हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया तथा उनका मुंह मीठा करवाकर शुभकामनाएं दीं। प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र पहल ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान सरकार ने वेतन बढ़ाने का जो आश्वासन दिया था, उसे पूरा कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह साबित किया है कि उनकी सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हजारों ग्रामीण सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और सरकार के समक्ष मजबूती से रखा। उनकी निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और कर्मचारियों के हितों के प्रति समर्पण के कारण ही आज यह महत्वपूर्ण निर्णय साकार हो पाया है। कृष्ण बेदी ने हमेशा समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारियों के अधिकारों एवं सम्मान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई है। डॉ. साहिल इलाहाबादी ने कहा कि सरकार का यह निर्णय केवल वेतन वृद्धि नहीं, बल्कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के कठिन परिश्रम और सेवा के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार कर्मचारी हितैषी फैसले लेकर प्रदेश के विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में कार्य कर रही है। हरियाणा वाल्मीकि महापंचायत ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी सरकार इसी प्रकार कर्मचारी हितों की रक्षा करते हुए जनकल्याणकारी निर्णय लेती रहेगी। महापंचायत ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके सम्मान के लिए संगठन सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा तथा सरकार के सकारात्मक प्रयासों का स्वागत करेगा।
