आईसीएआई सिरसा शाखा ने करवाया एमएसएमई महोत्सव-2026 का सफल आयोजन
mahendra india news, new delhi
इंस्टीट्यूट आॅफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आॅफ इंडिया (आईसीएआई) सिरसा ब्रांच द्वारा एमएसएमई एवं स्टार्टअप कमेटी, आईसीएआई के सहयोग से एमएसएमई महोत्सव-2026 का आयोजन चेयरमैन सीए हिमिज खन्ना के नेतृत्व में निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश कुमार, डिप्टी डायरेक्टर, एमएसएमई, सिरसा रहे। इस अवसर पर सीए आनंद शंकर ने हरियाणा सरकार की एमएसएमई सब्सिडी योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी, जबकि सीए शुभम गोयल ने स्टार्टअप इंडिया रजिस्ट्रेशन एवं इसके लाभों पर उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।
महोत्सव में सिरसा, डबवाली, रानियां, ऐलनाबाद एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से व्यापारियों, उद्योगपतियों तथा विभिन्न व्यापारिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक एवं स्टेट बैंक आॅफ इंडिया (एसबीआई) का भी सहयोग रहा। अतिथियों का स्वागत सीए अश्विनी अरोड़ा (उपाध्यक्ष), सीए प्रवीन कुमार (सचिव) एवं सीए परीक्षित गर्ग (कोषाध्यक्ष) ने किया।
इस अवसर पर सीए हिमिज खन्ना, चेयरमैन, सिरसा ब्रांच ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य एमएसएमई एवं स्टार्टअप्स को सरकारी योजनाओं, वित्तीय परामर्श तथा व्यवसाय विकास के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
