IGNOU की परीक्षा 1 जून 2026 से, हरियाणा की विभिन्न जेलों में 1248 कैदी देंगे परीक्षा
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की जून-जुलाई 2026 सत्रांत परीक्षाएं पूरे भारतवर्ष में 01 जून 2026 से प्रारंभ होकर 21 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी देते हुए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने बताया कि हरियाणा के भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत एवं रोहतक जिलों में इग्नू द्वारा कुल 37 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 12 परीक्षा केंद्र हरियाणा की विभिन्न जेलों में बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जून-जुलाई माह में आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में पूरे हरियाणा से कुल 3,72,484 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि जेलों में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,248 कैदी परीक्षाओं में सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि इग्नू की परीक्षाएं प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होंगी। प्रथम सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 02 बजे से शाम 05 बजे तक रहेगा। इसी कड़ी में इग्नू अध्ययन केंद्र 1085, राजकीय महिला महाविद्यालय सिरसा के समन्वयक डॉ. विक्रमजीत सिंह ने बताया जिला सिरसा में कुल 04 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें राजकीय नेशनल महाविद्यालय सिरसा (1014), नेशनल कॉलेज ऑफ एजुकेशन सिरसा (1051P), जेसीडी पीजी कॉलेज ऑफ एजुकेशन (1052P) तथा राजकीय महिला महाविद्यालय सिरसा (1085) शामिल हैं। डॉ. विक्रमजीत सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र 1085 पर परीक्षार्थियों की सुविधा, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि परीक्षाएं सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाई जा सकें। डॉ. धर्म पाल ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं के व्यवस्थित एवं सुचारु संचालन हेतु आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल की ओर से सभी परीक्षा नियंत्रकों के लिए एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें परीक्षाओं से संबंधित विभिन्न जानकारियां उपलब्ध करवाई गईं। उन्होंने बताया कि इग्नू द्वारा हॉल टिकट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। विद्यार्थी अपने हॉल टिकट विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ignou.ac.in से डाउनलोड कर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों को अपना एनरोलमेंट कार्ड प्राप्त नहीं हुआ है अथवा जिन्होंने इसे डाउनलोड नहीं किया है, वे समर्थ पोर्टल पर जाकर अपनी यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से अपना एनरोलमेंट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
