हरियाणा के गांव में पूर्व सरंपच के घर की थी फायरिंग, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
हरियाणा प्रदेश में थाना रादौर क्षेत्र के गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच आवास पर हुई फायरिंग के मामले में वांछित बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि पानीपत के गोयला निवासी आरोपी अमन काला राणा गिरोह का सदस्य है, वह मंगलवार रात्रि करीबन दस बजे पल्सर बाइक पर सवार होकर कुलपुर एरिया में घूम रहा था। पुलिस को उस पर शक हुआ और उसे रुकने का इशारा कर दिया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में मोर्चा संभाला, इसके बाद दोनों तरफ से करीब 12 से 15 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की गोली लगने से आरोपी अमन घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से हथियार और बाइक भी बरामद की गई है।
आपको बता दें कि आरोपी अमन पर बीते 21 अप्रैल को पूर्व सरपंच ऋषिपाल के घर पर फायरिंग करने का आरोप है और वह तभी से फरार चल रहा था। पुलिस बदमाश के अन्य साथियों की तलाश कर रही है जो पूर्व सरपंच के घर फायरिंग मामले में बदमाश के साथ मौजूद थे। आरोपी का सामान्य अस्पताल यमुनानगर में उपचार चल रहा है। उपचार के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ करेगी , जिससे इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
