हरियाणा में फौजी की पत्नी की घर में घुसकर गला रेतकर की हत्या, फरार हुआ हमलावर
यमुनानगर जिला के अंदर बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। जिला के भंभोल गांव में शनिवार देर रात्रि फौजी की पत्नी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को स्वजनों ने तुरंत जगाधरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटनास्थल के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतका की पहचान 34 साल की मोनिका के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात्रि करीबन साढ़े 11 बजे मोनिका अपने कमरे में सो रही थी, इसी दौरान एक व्यक्ति घर में घुस आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने महिला की गर्दन पर कई वार किए, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इसके बाद मोनिका की चीखें सुनकर स्वजन कमरे में पहुंचे, लेकिन तभी तक आरोपी फरार हो चुका था। स्वजनों ने घायल मोनिका को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि अधिक खून बहने और गर्दन की नस कटने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बारे में सूचना मिलते ही थाना छपरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्वजनों ने बताया कि मोनिका की शादी करीब दस वर्ष पहले अंबाला के कलरेड़ी गांव निवासी जसवीर सिंह से हुई थी, जो सेना में तैनात हैं और फिलहाल जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। करीबन 3 वर्ष पहले पिता की मौत के बाद मोनिका अपने 7 वर्षीय पुत्र के साथ यमुनानगर में मां के घर रह रही थी। पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों और आरोपित की तलाश में लग गई है।
