HARYANA में लहसुन की खेती पर 30 हजार व मेथी पर मिल रही 15 हजार की सब्सिडी
चोपटा Or ऐलनाबाद खंड के गांवों मल्लेका, पोहड़का, खारी सुरेरा, हुमायंूखेड़ा, कुत्ताबढ सहित विभिन्न गांवों में उद्यान विकास अधिकारी डॉ. नवीन बेनीवाल ने लहसुन की फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को लहसुन उत्पादन की उन्नत समग्र सिफारिश एवं आधुनिक उत्पादन तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने किसानों को उन्नत एवं प्रमाणित किस्मों के चयन, उचित समय पर बुवाई, खेत की वैज्ञानिक तैयारी, संतुलित एवं मृदा परीक्षण आधारित उर्वरक प्रबंधन, सूक्ष्म पोषक तत्वों के उपयोग, ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक अपनाने के बारे में मार्गदर्शन दिया। इसके साथ-साथ उन्होंने खरपतवार नियंत्रण, रोग-कीटों की समेकित प्रबंधन तकनीक, पौध संरक्षण उपाय तथा फसल की समय पर खुदाई, ग्रेडिंग एवं भंडारण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं, ताकि किसानों को बेहतर उत्पादन एवं अधिक लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बेनीवाल ने किसानों को हरियाणा सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न बागवानी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। इस दौरान डॉ. नवीन बैनीवाल ने किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों से विभाग के संपर्क में रहकर आधुनिक तकनीकों को अपनाने और बागवानी फसलों के रकबे को बढ़ाने का आह्वान किया। किसानों ने इस अवसर पर विभाग द्वारा दिए गए तकनीकी मार्गदर्शन को उपयोगी बताते हुए आभार व्यक्त किया।
डॉ. बेनीवाल ने किसानों को बताया कि लहसुन की खेती करने पर सरकार की ओर से प्रति एकड़ 30 हजार व मेथी की खेती करने पर 15 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान बिना जागरूकता के सरकार की ओर से चलाई जा रही स्कीमों का लाभ नहीं उठा पाते इसलिए विभाग के संपर्क में रहें ताकि उन्हें सभी योजनाओं का लाभ मिल सके। इस दौरान कार्यक्रम में अमनदीप, वीरेंद्र कृष्ण कुमार, आजादविद्र, रामेश्वर, रामजस व हरबंस सहित सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद रहे।
One attachment • Scanned by Gmail
