हरियाणा प्रदेश में अब राशन डिपो से नहीं मिलेगा दो लीटर सरसों तेल, अकांउट में आएंगे रुपये; 39.89 लाख बीपीएल परिवारों को सीधा फायदा
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश सरकार समय समय पर आमजन की सुविधा के लिए कदम उठा रही है। अब राशन डिपो पर राशन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में बीपीएल परिवारों को अब राशन डिपो से 2 लीटर सरसों तेल नहीं मिलेगा। प्रदेश सरकार ने तेल की जगह अब 250 रुपये सीधे बैंक अकांउट में भेजने का फैसला किया है। अगस्त से लागू इस व्यवस्था का फायदा हरियाणा प्रदेश के करीबन 39.89 लाख बीपीएल परिवारों को मिलेगा। हालांकि, अभी खातों में राशि भेजी नहीं गई है।
जानकारी के अनुसार 15 अगस्त के बाद भुगतान शुरू होने की संभावना है। अब तक लाभार्थियों को राशन डिपो से 2 लीटर कच्ची घानी सरसों तेल सौ रुपये में मिलता था। बाजार में इसका रेट करीबन 280 से 400 रुपये तक है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मुताबिक हैफेड के पास सरसों की उपलब्धता कम होने के कारण व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सरकार आगे चलकर इस राशि को 250 से बढ़ाकर 300 रुपये करने पर भी विचार किया जा रहा है। फिलहाल लाभार्थियों को 250 रुपये देने का फैसला किया गया है।
प्रदेश में सरसों तेल स्कीम पहले भी कई बार बदली है। वर्ष 2018 में डिपो से एक लीटर तेल देना शुरू किया गया था। बाद में मात्रा 2 लीटर कर दी गई। वर्ष 2021 में तेल की आपूर्ति प्रभावित होने पर 2 लीटर तेल के बदले 250 रुपये खाते में भेजे गए। वर्ष 2022 में फिर डिपो से तेल देना शुरू कर दिया गया। यह व्यवस्था 2024 तक जारी रही। अब अगस्त 2026 से फिर नकद भुगतान किया जाएगा।
