HARYANA में देसी गाय और मुर्राह भैंस पालकों को सरकार दे रही 40 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन
Mahendra india news, new delhi
हरियाणा सरकार ने प्रदेश में स्वदेशी गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और उच्च दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वदेशी गौवंश संरक्षण एवं विकास (गोसंवर्धन) तथा एकीकृत मुर्राह विकास योजना लागू की है। इस योजना के तहत राज्य के पात्र पशुपालकों को उनकी उच्च दुग्ध उत्पादन वाली देसी गायों और मुर्राह भैंसों पर प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। योजना का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी नस्लों की संख्या बढ़ाना, पशुपालकों की आय में वृद्धि करना तथा डेयरी क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाना है।
ऐसे मिलेगा योजना का लाभ
योजना के अनुसार केवल हरियाणा राज्य के निवासी पशुपालक ही इसका लाभ प्राप्त कर सकेंगे। आवेदक की आयु 18 वर्ष या इससे अधिक होना अनिवार्य है। यह योजना व्यक्तिगत लाभार्थियों के लिए है, इसलिए किसी समूह, संस्था, फर्म या संगठन को इसके अंतर्गत आवेदन करने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक पात्र आवेदक अधिकतम चार दुधारू पशुओं पर ही प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर सकेगा। योजना के अंतर्गत केवल हरियाना, साहीवाल और बेलाही नस्ल की देसी गायों तथा मुर्राह नस्ल की भैंसों को शामिल किया गया है।
चयनित पशुओं के दूध उत्पादन का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा और निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साहीवाल और हरयाना नस्ल की गायों पर अधिकतम 25 हजार रुपये तक, बेलाही गाय पर 15 हजार रुपये तक तथा मुर्राह भैंस पर 40 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है।
