सिरसा में नशा तस्करी में संलिप्त 23 घरों पर, डॉग स्क्वॉयड के मदद से 4 घंटे चला सर्च अभियान
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा शहर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सिरसा पुलिस ने अब संदिग्ध ठिकानों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जिला पुलिस ने शनिवार अलसुबह शहर के चंडीगढ़िया मोहल्ले में डॉग स्क्वॉयड की मदद से विशेष सर्च अभियान चलाया। सुबह 5 बजे से 9 बजे तक करीब चार घंटे चले इस अभियान के दौरान नशा तस्करी में संलिप्त बताए जा रहे 23 घरों की तलाशी ली गई। पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद नशे के अवैध कारोबार पर चोट करना और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाना रहा।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि डीएसपी राजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमों ने चंडीगढ़िया मोहल्ला सिरसा में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान संबंधित घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की भी जांच की गई। डॉग स्क्वॉयड की सहायता से संदिग्ध स्थानों को खंगाला गया, ताकि नशे के कारोबार से जुड़ी गतिविधियों का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। एसपी ने कहा कि जिला पुलिस नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और अलग-अलग क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
पुलिस का जोर केवल तस्करों पर कार्रवाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना भी अभियान का अहम हिस्सा है। नशे की सूचना दें, युवाओं को बचाने में करें सहयोग एसपी दीपक सहारन ने आमजन से अपील की कि आसपास नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त की जानकारी बिना किसी डर के पुलिस को दें। सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को धिक्कारने के बजाय उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। ऐसे युवाओं के इलाज और पुनर्वास के लिए स्थानीय प्रशासन के सहयोग से प्रयास किए जाएंगे, ताकि उन्हें दोबारा समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होने कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर सिरसा में पांव नहीं पसारने दिए जाएंगे ।
