SIRSA में षड़यंत्र के तहत शादी करवाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, लुटेरी दुल्हन सहित 2 महिला पुलिस गिरफ्त में
SIRSA पुलिस ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए शादी के नाम पर ठगी करने वाली फर्जी दुल्हन सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरोह भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पैसे और आभूषण ऐंठने का काम करता था । शहर थाना प्रभारी ने बताया कि जिला के गांव पंजुआना निवासी एक युवक, जो बिजली विभाग में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर 2025 में उसके एक साथी ड्राइवर ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया। उसने कहा कि उसकी पहचान के कुछ ऐसे लोग से है जो पैसे लेकर शादी करवाते हैं ।
पीड़ित युवक की शादी के लिए सहमती होने पर उसे दो युवकों से मिलवाया गया, जिन्होंने शादी करवाने के बदले डेढ़ लाख रुपए की मांग की और लड़की तथा उसके परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने पीड़ित को हिसार बुलाकर एक मकान में शिवानी शर्मा नाम की युवती से सगाई करवा दी। सगाई के नाम पर पीड़ित से डेढ़ लाख रुपए नकद और सोने के आभूषण ले लिए गए। कुछ समय बाद भी जब शादी नहीं हुई तो आरोपियों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया और बताया कि लड़की के माता-पिता की मृत्यु हो गई है, जिससे शादी टाल दी गई। जब पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ और उसने शिकायत करने की बात कही, तो आरोपियों ने अस्थायी तौर पर बिना शादी के युवती को पीड़ित युवक के घर पर भेज दिया ।
3 अक्टूबर 2025 को शिवानी उसके घर आकर रहने लगी, लेकिन 8 अक्टूबर की रात वह घर से नकदी और सोने के जेवरात लेकर एक अन्य महिला के साथ फरार हो गई । पीड़ित की शिकायत पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पड़यंत्र के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन फुल्लन देवी उर्फ शिवानी शर्मा निवासी जिला छतरपुर, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया । गिरफ्तार की गई महिला से पूछताछ के दौरान मामले में शामिल मुख्य आरोपी सरोज निवासी हिसार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है । शहर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार की गई महिलाओं से 30 हजार रुपए की नगदी व सोने के आभूषण बरामद कर लिए है । प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था ।
शहर थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार के झांसे में आने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।गिरफ्तार महिलाओं को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है । मामले की जांच जारी है जांच के दौरान धोखाधड़ी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना से इंकार नही किया जा सकता ।
