सिरसा में किसानों को डीएपी के टोकन नहीं मिलने पर अधिकारी की गाड़ी को घेरा, लगाया धरना
mahendra india news, new delhi
सिरसा में किसानों को डीएपी खाद नहीं मिलने पर काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। नाथूसरी चौपटा में जहां किसानों ने मंगलवार को रोड जाम कर दिया। वहीं आज बुधवार के दिन सिरसा मेें किसानों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार नई अनाजमंडी के किसान विश्राम गृह में डीएपी को लेकर टोकन वितरण कृषि विभाग के अधिकारी द्वारा किया जाता हैं। टोकन वितरण का कार्य बुधवार को किया जाना था और अनाज मंडी में बड़े स्तर पर किसान आए हुए थे। मगर, सुबह से आए किसानों को डीएपी खाद के लिए टोकन नहीं मिला। इसके बाद किसानों को डीएपी खत्म होने की बात कह वितरण करने वाले कर्मचारी चले गए। इसके बाद किसान गुस्सा गए और विरोध करना शुरू कर दिया।
इसके बाद जैसे ही सूचना मिलने पर जब कृषि विभाग के अधिकारी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे तो किसानों ने गाड़ी को घेर लिया। इसी के साथ ही किसान गाड़ी के आगे बैठ गये। दस से 15 मिनट तक गाड़ी के आगे बैठे रहने के बाद अधिकारी वापस लौट गये। वहीं, किसानों के विरोध की सूचना मिलने के बाद भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष व किसान नेता लखविंद्र सिंह औलख भी मौके पर पहुंचे।
गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते से डीएपी नहीं मिलने को लेकर सिरसा के डबवाली रोड को 2 बार किसान जाम कर चुके हैं। वहीं, अधिकारियों की माने तो डीएपी को लेकर कोई कमी नहीं है। एक सप्ताह के अंदर दो से 3 रैक डीएपी के आने वाले है, किसानों को सब्र करना होगा। गेहूं की बिजाई करने वाले किसानों के पास एक महीने का वक्त बचा हुआ है और वह भी लाइनों में लगे हुए हैं। जबकि सरसों वाले किसानों के लिए ही फिलहाल स्टॉक आया है।
