सिरसा जिला के इस गांव में घर के बने आंगन से अफीम के हरे पौधों सहित व्यक्ति काबू
सिरसा.....जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना डिंग पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक व्यक्ति को उसके घर के आंगन में लगाए गए अफीम के हरे पौधों सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 4 किलो 622 ग्राम अफीम के हरे पौधे बरामद किए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान रवि कुमार पुत्र बूटा सिंह निवासी गांव भावदीन, जिला सिरसा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस टीमों को सक्रिय रूप से गश्त और चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि थाना डिंग की एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव भावदीन क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव भावदीन निवासी रवि कुमार ने अपने घर के आंगन में अफीम के पौधे लगा रखे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची और घर की छानबीन की तो आंगन में अफीम के हरे पौधे लगे हुए दिखाई दिए। पुलिस पार्टी को अचानक देखकर घर का मालिक वहां से खिसकने लगा और घर के अंदर जाने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने उसे शक के आधार पर काबू कर लिया। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर एक राजपत्रित अधिकारी को भी बुलाया गया।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी के घर के आंगन की तलाशी ली गई, जहां अफीम के कई हरे पौधे लगे हुए मिले। इसके बाद राजपत्रित अधिकारी के आदेशानुसार उक्त पौधों को उखाड़कर उनका वजन किया गया, तो कुल 4 किलो 622 ग्राम अफीम के हरे पौधे बरामद हुए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आरोपी रवि कुमार के खिलाफ थाना डिंग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी द्वारा अफीम की खेती कब से की जा रही थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है। जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
