home page

महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को दी जाएगी अतिरिक्त सब्सिडी: HARYANA CM नायब सिंह सैनी

 | 
Industries employing women will be given additional subsidy: Haryana CM Nayab Singh Saini

Mahendra india news, new delhi
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि हरियाणा में महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को राज्य सरकार की तरफ से अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। मुख्यमंत्री आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिरसा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमिता मंच के हरियाणा चैप्टर की शुरुआत करने के अलावा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की पांचवीं किस्त के 200 करोड़ 77 लाख रुपये , सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के कुल 1 हजार 338 करोड़ 61 लाख रुपये तथा हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 20 करोड़ 21 लाख रुपये पात्र महिलाओं के बैंक खातों में स्थानांतरित किए। उन्होंने स्टार्टअप्स को भी 3 करोड़ रुपये की सीड-मनी के चेक वितरित किए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में सेंड आर्ट शो के माध्यम से महिला सशक्तिकरण व उपलब्धियों की झलक दिखी।


HARYANA CM नायब सिंह सैनी ने समारोह में उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की  बधाई देते हुए कहा कि आज एक ओर जहां पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, वहीं दूसरी ओर हरियाणा की ऐतिहासिक धरती पानीपत पर शुरू हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के 11 गौरवपूर्ण वर्ष पूरे हुए हैं।


उन्होंने महिला उद्यमिता मंच के हरियाणा चैप्टर को शुरू करने को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह मंच महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स की संख्या 61 प्रतिशत करने में कारगर सिद्ध होगा। आज 16 उद्यमशील माताओं-बहनों को स्टार्टअप हेतु दी जाने वाली मदद के चेक वितरित किये हैं। साथ ही, महिला उद्यमियों के लिए 3 करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है। यह मंच उन बहनों के लिए एक वरदान साबित होगा, जो स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह मंच महिलाओं को बाजार की नई तकनीक और मार्केटिंग की बारीकियों से रूबरू कराएगा। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को इस महिला उद्यमिता मंच जुडकऱ इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।  उन्होंने बताया कि सरकार ने इसके लिए बजट में 5 करोड़ रुपये की लागत से एक वर्कप्लेस सेफ्टी फंड बनाने का प्रावधान किया है। इसके साथ ही एक पोश सेल और एक विशाखा पोर्टल भी बनाया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now


उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 11 वर्ष पहले पानीपत की ऐतिहासिक धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की शुरुआत करने पर आभार जताते हुए कहा कि लिंगानुपात वर्ष 2014 में 871 था, वह अब 923 हो गया है। और आज हरियाणा बेटियों को आगे बढ़ाने वाले प्रदेश के रूप में जाना जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि  प्रधानमंत्री ने पानीपत की धरा से ही 9 दिसंबर, 2024 को प्रधानमंत्री बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया था जिसके तहत प्रदेश की 9 हजार 656 बहन-बेटियां बीमा सखी बनकर अपना करियर आगे बढ़ा रही हैं।


HARYANA CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में देश व प्रदेश में महिलाओं के प्रति वातावरण भी बदला है और महिलाओं का सम्मान भी बढ़ा है। उनके आह्वान से बेटियों को बचाया व पढ़ाया, चूल्हे के धुएं से आजादी दी, खुले में शौच जाने के अपमान से मुक्ति दी, तीन तलाक के दु:ख से छुटकारा दिलाया और देश की सर्वोच्च संसद में आपके 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व का कानून बनाकर महिलाओं को देश को चलाने में हक दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी बजट में वीटा बूथ आवंटन नीति में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 20 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया है। इसी प्रकार, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की मार्केटिंग के हेतु हर ब्लॉक में एक आधुनिक ग्राम हाट की स्थापना का प्रावधान भी किया है। इससे पहले हम 33 प्रतिशत राशन डिपो महिलाओं को दे रहे हैं।


 इस बजट में औद्योगिक क्षेत्रों में भी 10 आधुनिक मातृ-शक्ति औद्योगिक क्रेच नेटवर्क शुरू करने का प्रावधान किया है। हाल ही में, हमने क्रेच कार्यकर्ता का मानदेय 3 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये मासिक किया है। यह देश में सबसे अधिक हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस-2023 के अवसर पर लखपति दीदी योजना शुरू करने की घोषणा की थी। महिलाओं की आर्थिक आजादी के लिए हरियाणा में अब तक 1 लाख 6 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। वित्त वर्ष 2026-27 में 3 लाख और महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत 500 स्वयं सहायता समूह की 5 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण मुफ्त प्रदान किया जा रहा है। सांस्कृतिक रूप से भी महिलाओं को जोडऩे के लिए प्रदेशभर में महिला सांस्कृतिक केंद्र खोले जा रहे हैं। अब तक 500 सांस्कृतिक केंद्र खोले गए हैं।


उन्होंने प्रदेश में महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना, महिला एवं किशोरी सम्मान योजना, मिशन इन्द्रधनुष का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर प्रकार से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य का ख्याल रख रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आतंकवादी गतिविधियों से निपटने के लिए एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) का गठन किया जाएगा जिसमें महिला कमांडो को भी शामिल करने का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने आगे जानकारी दी कि वर्तमान में केवल महिला यात्रियों व छात्राओं के लिए समर्पित 273 बसों की संख्या को बढ़ाकर 500 किया जाएगा।


मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं को आह्वान किया कि देश की भावी पीढ़ी को नशा से मुक्त रखने में अपना भरपूर योगदान दें। नशा बेचने वालों की जानकारी सरकार द्वार बनाये गए पोर्टल पर दी जा सकती है , जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने भी इस अवसर पर महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी और कहा कि जब तक महिला सशक्त नहीं होगी तब तक समाज सशक्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भी वन स्टॉप सेंटर , महिला हेल्पलाइन नंबर, एनीमिया-मुक्त अभियान जैसे कार्यक्रमों से सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है। इस अवसर पर विधायक श्री गोकुल सेतिया ने भी विचार रखे। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग ने विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी।


इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के कमिश्नर एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक यश गर्ग और महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक प्रियंका सोनी, उपायुक्त शांतनु शर्मा, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजय कुमार, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, एडीसी वीरेंद्र सहरावत, एसडीएम राजेंद्र कुमार, सीईओ जिला परिषद डा. सुभाष चंद्र, नगराधीश अजय सिंह, ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशीलाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, सिरसा भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह, डबवाली भाजपा जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, कुलसचिव सुनील कुमार, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, रोहताश जांगड़ा, महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त निदेशक राज बाला कटारिया, उप निदेशक डा. दर्शना सिंह सहित मौजूद रहे।