राजेंद्रा इंस्टीट्यूट में हुआ आईपीआर जागरूकता सत्र, नवाचार, अनुसंधान, आईपीआर को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
Mahendra india news, new delhi
सिरसा राजेंद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज़, सिरसा में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच नवाचार, अनुसंधान तथा बौद्धिक संपदा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र का संचालन नोएडा स्थित एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, एयूयूपी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कल्पना नागपाल द्वारा किया गया। इस दौरान डॉ. नागपाल ने पेटेंट, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क एवं अन्य बौद्धिक संपदा अधिकारों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नवाचारों की सुरक्षा और शोध को प्रोत्साहित करने में इनकी अहम भूमिका होती है।

राजेंद्रा इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन एन.के. गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. नागपाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने ज्ञान-आधारित आधुनिक अर्थव्यवस्था में बौद्धिक संपदा अधिकारों के बढ़ते महत्व पर बल दिया तथा विद्यार्थियों को नवाचार के साथ-साथ अपने बौद्धिक योगदानों के संरक्षण के प्रति भी जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस सत्र में फार्मेसी एवं नर्सिंग के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
संस्थान के चेयरमैन एनके गुप्ता ने इस अवसर पर सभी विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान प्रबंधन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी उनके पाठ्यक्रम से संबद्ध आयोजन करवाए जाते रहेंगे। अंत में काउंसलर एकता कालरा ने भी सभी अतिथियों, वक्ता एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान प्रबंधन के सचिव पुलकित गुप्ता, काउंसलर एकता कालरा, प्राचार्य डॉ. संजीव कालरा, नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या कुलविंद्र कौर भी मौजूूद रही।
