home page

मेरिट में फिर जेसीडी आईबीएम का परचम लहराया, जेसीडी आईबीएम विद्यार्थियों ने उत्कृष्टता का नया अध्याय रचा

 | 
JCD IBM once again shines in the merit list, JCD IBM students create a new chapter of excellence
Mahendra india news, new delhi

चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षा परिणामों में जेसीडी विद्यापीठ के अंतर्गत संचालित जेसीडी इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट (IBM) ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए विश्वविद्यालय मेरिट सूची में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है।

संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता का नया अध्याय रचा है, जिससे पूरे परिसर में हर्ष का वातावरण व्याप्त है। जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक प्रो. (DR.) जय प्रकाश ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन और संस्थान की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रणाली का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि नैतिक, सामाजिक और नेतृत्व कौशलों में भी सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी विद्यार्थी इसी प्रकार नई ऊँचाइयों को प्राप्त करते रहेंगे। जेसीडी आईबीएम के प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके दृढ़ निश्चय, नियमित
अध्ययन और सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है और उन्हें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराता है।

WhatsApp Group Join Now

उन्होंने जानकारी दी कि बीबीए तृतीय सेमेस्टर की विश्वविद्यालय स्तरीय शीर्ष 10 मेरिट सूची में जेसीडी आईबीएम के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं पाचवां स्थान प्राप्त कर संस्थान की श्रेष्ठता को पुनः सिद्ध किया है। यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

BBA तृतीय सेमेस्टर (दिसंबर 2025) के परिणामों में जोतपाल ने 530 अंक (88.33%) के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया। नवनीत कौर ने 522 अंक (87%) के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि जैस्मिन कौर ने 512 अंक (85.33%) अर्जित कर पाँचवां स्थान प्राप्त किया। इन विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है।
इस अवसर पर महानिदेशक द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्यों, शिक्षकों एवं स्टाफ ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जेसीडी विद्यापीठ के प्रबंधन ने इस उपलब्धि को संस्थान की निरंतर प्रगति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के परिणाम संस्थान की पहचान को और अधिक सशक्त बनाएंगे।