जेसीडी मेमोरियल कॉलेज बना ओवर ऑल विजेता, लड़कों में साहिल और लड़कियों में वीरपाल व कर्मपाल बेस्ट एथलीट रहीं
mahendra india news, new delhi
जेसीडी विद्यापीठ में 20वीं 2 दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत् समापन हुआ। जिसमें ओवर ऑल विजेता जेसीडी मेमोरियल कॉलेज रहा और रनरअप जेसीडी डेंटल कॉलेज रहा। 2 दिवसीय खेल दिवस में खेल भावना व उत्साह अपनी चरम सीमा पर था। खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा प्रतियोगिताओं का भरपूर आनंद लिया।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी डायरेक्टर, यूथ अफेयर एंड स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट, सोनीपत हरियाणा की सुनीता खत्री व उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाज सेवी सरदार कश्मीर सिंह करीवाला व विनोद बेनीवाल एवं अरुण खत्री मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश द्वारा की गई और अन्य वशिष्ठ अतिथियों में सीडीएलयू से प्रोफेसर डॉ. ईश्वर मलिक, मौजूद थे। यह खेल प्रतियोगिता खेल अधिकारी डॉ. अमरीक सिंह गिल व कुलदीप सिंह के नेतृत्व में करवाई गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुनीता खत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को किसी न किसी खेल में अवश्य भाग लेना चाहिए और प्रयास करना चाहिए कि वह राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करे। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में खेलकूद का विशेष महत्व है। इससे आगे बढ़ने की भावना, आत्मविश्वास और लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा मिलती है। खेल भाईचारा, धैर्य, समन्वय और अनुशासन सिखाते हैं। जीत और हार दोनों खेल का हिस्सा हैं। जीत उत्साह देती है और हार हमें और बेहतर बनने की सीख देती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने से बड़े, गुरुजनों और वरिष्ठजनों का सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पुरानी पीढ़ी का अनुभव और सोच हमसे कहीं आगे होती है, इसलिए उनका आदर करना और उनसे सीख लेना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे प्रथम गुरु हमारे माता-पिता होते हैं, इसलिए उनका सम्मान करें, उन्हें समय दें और मोबाइल फोन से दूरी बनाकर परिवार के साथ संवाद बढ़ाएं। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे मित्र बनाने, नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि खेल एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं तथा समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश ने मुख्य अतिथि का हार्दिक अभिवादन करते हुए कहा कि जेसीडी शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने मुख्य अतिथि की विशिष्ट उपलब्धियों से सभी को अवगत करवाते हुए बताया कि उनका नाम शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में देश-विदेश में सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने बताया कि अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी सुनीता खत्री ने एशियन गेम्स, एशिया कप और नेशनल गेम्स में पदक जीते तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। उपनिदेशक के रूप में अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया, जिनमें नेहा गोयल का एशियन गेम्स रजत पदक विशेष उपलब्धि रहा। डॉक्टर जय प्रकाश ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का संदेश दिया तथा विश्वास व्यक्त किया कि यही युवा भविष्य में संस्थान, प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
विशिष्ट अतिथि सरदार कश्मीर सिंह ने कहा कि खेल हमें केवल जीत की खुशी ही नहीं, बल्कि हार से सीखने का साहस भी सिखाते हैं। हार जीवन का अंत नहीं, बल्कि और अधिक मजबूत होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा है। खेल अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होते हैं।
20वीं वार्षिक एथलेटिक मीट में लड़कियों के 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान मेमोरियल कॉलेज से छात्रा कर्मपाल कौर ने, द्वितीय स्थान शिक्षण महाविद्यालय से छात्रा मुस्कान ने एवं तृतीय स्थान इंजीनियरिंग कॉलेज से छात्रा छवि ने प्राप्त किया।
लड़कों की 100 मीटर दौड़ में मेमोरियल कॉलेज से साहिल सुपुत्र साहब राम ने प्रथम स्थान, द्वितीय स्थान मेमोरियल कॉलेज से साहिल सुपुत्र पुत्र भजनलाल ने एवं व तृतीय स्थान फार्मेसी कॉलेज से विकास ने प्राप्त किया।
वहीं 110 मीटर बाधा दौड़ महिला में मेमोरियल कॉलेज से छात्रा मधु प्रथम, डेंटल कॉलेज से छात्रा आस्था और इंजीनियरिंग कॉलेज से छात्रा अनुजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
110 मीटर बाधा दौड़ पुरुष में इन्जिनियरिंग कॉलेज से विशाल ने प्रथम और बृजेश ने द्वितीय स्थान एवं शिक्षण महाविद्यालय से नवराज सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
4x100 पुरुष दौड़ में प्रथम स्थान मेमोरियल कॉलेज, द्वितीय स्थान इंजीनियरिंग कॉलेज एवं तृतीय स्थान फार्मेसी कॉलेज ने प्राप्त किया।
4x100 महिला दौड़ में प्रथम स्थान मेमोरियल कॉलेज, द्वितीय स्थान डेंटल कॉलेज एवं तृतीय स्थान इंजीनियरिंग कॉलेज में प्राप्त किया।
समापन पर मुख्य अतिथि द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र दिया गया । कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथिगण को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस खेलकूद प्रतियोगिता के मुख्य संयोजक रणजीत सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का धन्यवाद किया इस दौरान उन्होंने इस एथलीट मीट के शानदार आयोजन में साथ देने वाले सभी सदस्यों का धन्यवाद किया।
