home page

जेसीडी विद्यापीठ में कल होगा “प्रिंसिपल कॉन्क्लेव 2K26”

 | 
mahndra

सिरसा। जेसीडी विद्यापीठ, सिरसा द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को केंद्र में रखते हुए 08 मई 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 11:30 बजे जेसीडी एजुकेशन कॉलेज ऑडिटोरियम में “प्रिंसिपल कॉन्क्लेव 2K26” का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक सम्मेलन में सीबीएसई तथा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, निदेशक एवं शिक्षा विशेषज्ञ भाग लेंगे।

जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) जय प्रकाश हुड्डा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य विद्यालयी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा संस्थानों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नई शैक्षणिक संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उन्हें कौशल, नवाचार, अनुसंधान एवं व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ने पर बल देती है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

कॉन्क्लेव के दौरान विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए तैयारी को मजबूत बनाने, विषय संयोजन को उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अनुरूप विकसित करने, कौशल आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने, प्रभावी करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा स्कूल-कॉलेज सहयोग मॉडल को अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों में शोध, नवाचार, तकनीकी दक्षता, उद्यमिता एवं रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के उपायों पर भी विचार साझा किए जाएंगे।

WhatsApp Group Join Now

प्रो. (डॉ.) जय प्रकाश ने बताया कि वर्तमान समय में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करना समय की आवश्यकता है। ऐसे में विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह कॉन्क्लेव शिक्षाविदों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां वे विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अपने विचार साझा कर सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद 75 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान हेतु आयोजित किए जाने वाले “स्टूडेंट फेलिसिटेशन प्रोग्राम” की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा अन्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “प्रिंसिपल कॉन्क्लेव 2K26” शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं को दिशा देने के साथ-साथ विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के बीच अकादमिक सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जेसीडी विद्यापीठ ने सभी आमंत्रित प्राचार्यों एवं शिक्षा विशेषज्ञों से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। कार्यक्रम उपरांत अतिथियों के सम्मान एवं दोपहर भोज की व्यवस्था भी की गई है।