हरियाणा प्रदेश का जींद दुल्हन की तरह सज रहा, 17 जुलाई को दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन की देंगे सौगात
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के लिए 17 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होगा। इस दिन देश के पीएम नरेन्द्र मोदी दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात देंगे। पीएम के प्रस्तावित दौरे की तैयारियां जोरों पर हैं। शहर की सफाई, सुंदरीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक कार्य शुरू कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम दिन-रात लगी हुई हैं ताकि पीएम मोदी के स्वागत में कोई कमी न रह जाए। जींद के मुख्य मार्गों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
बता दें कि पीएम के दौरे को लेकर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए विशेष चेकिंग पोस्ट बनाए जा रहे हैं। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ा दी गई है। खासतौर पर गोहाना रोड पर सुरक्षा के लिहाज से ब्रेकर हटा दिए गए हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके।
इसी के साथ ही गोहाना रोड पर ही पेड़ों की छंटाई का कार्य भी शुरू हो गया है। इसके अलावा सफीदों रोड अंडरपास पर हुए गड्ढों को मिट्टी से भरा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सडक़ को चौड़ा करने और दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।
सभी विभाग अलर्ट मोड पर
पीएम के दौरे को लेकर सभी विभाग अलर्ट मोड पर हैं। सडक़ किनारे पुराने पेड़ों की छंटाई की गई है। शहर के प्रमुख चौराहों, सरकारी भवनों और स्वागत स्थलों पर रंग-बिरंगी रोशनियों को भी ठीक किया जा रहा है। नगर परिषद की टीम लगातार सफाई अभियान चला रही हैं।
